वाराणसी में हारी BJP, अखिलेश बोले— 'जुलूस न निकालें, साजिश कर सकती है बीजेपी'
लखनऊ (28 अक्टूबर 2026): उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) की 11 सीटों के नतीजों और रुझानों के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देने के साथ-साथ एक बड़ा अलर्ट जारी किया है। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के 'सेमीफाइनल' माने जा रहे इस चुनाव में सत्ताधारी बीजेपी को 6 सीटों पर और समाजवादी पार्टी को 5 सीटों पर जीत व बढ़त हासिल हुई है।
"जुलूस न निकालें, उपद्रव का आरोप लगा सकती है BJP"—अखिलेश
नतीजों के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कार्यकर्ताओं को उकसावे भरे जश्न से बचने की सलाह दी। अखिलेश ने लिखा, "जीत की बधाई, लेकिन ध्यान रखें कि हमें सोशल मीडिया के माध्यम से शांतिपूर्ण तरीके से इसे जनता तक पहुंचाना है। कोई उपद्रव या जुलूस नहीं निकाला जाएगा, ताकि बीजेपी समर्थक हमारे बीच घुसकर माहौल खराब न कर सकें और हम पर दंगे का आरोप न लगा सकें। हमें हर तरह की साजिशों से सावधान रहना होगा, क्योंकि विधानसभा चुनाव ठीक सामने हैं।" अखिलेश ने वादा किया कि वे खुद विजयी एमएलसी और उनका साथ देने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित करेंगे।
पीएम मोदी के गढ़ वाराणसी में बीजेपी की हार, सीएम योगी के क्षेत्र में बचाया गढ़
इन चुनावों में सबसे बड़ा उलटफेर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में देखने को मिला। वाराणसी शिक्षक सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने बीजेपी को हराकर शानदार जीत दर्ज की। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र गोरखपुर शिक्षक सीट पर शुरुआती दौर में पिछड़ने के बाद बीजेपी ने अपनी बढ़त बरकरार रखी।
आधिकारिक नतीजे: किस सीट पर कौन जीता?
निर्वाचन आयोग द्वारा आधिकारिक तौर पर घोषित 6 सीटों के नतीजों के अनुसार:
-
मेरठ स्नातक: दिनेश कुमार गोयल (BJP) विजयी
-
वाराणसी शिक्षक: लाल बिहारी यादव (सपा) विजयी
-
आगरा शिक्षक: डॉ. आकाश अग्रवाल (सपा) विजयी
-
लखनऊ शिक्षक: उमेश द्विवेदी (BJP) विजयी
-
मेरठ शिक्षक: श्रीचंद शर्मा (BJP) विजयी
-
बरेली-मुरादाबाद शिक्षक: डॉ. हरि सिंह ढिल्लों (BJP) विजयी

No Previous Comments found.