यूपी विधानसभा चुनाव 2027: 150 सीटों पर कांग्रेस उतार सकती है प्रत्याशी
उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के सीट-शेयरिंग का मामला अक्टूबर के महीने तक अंतिम रूप ले सकता है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने यह जानकारी दी है। कांग्रेस के पास राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए मजबूत उम्मीदवार उपलब्ध हैं। इसके बावजूद गठबंधन समझौते के तहत पार्टी किसी भी कीमत पर 150 से कम सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेगी, इस बात पर प्रदेश प्रभारी ने विशेष जोर दिया। राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, "अक्टूबर के महीने में सीट-शेयरिंग फाइनल होने की पूरी संभावना है। कांग्रेस के पास राज्य की सभी 403 सीटों के लिए प्रत्याशी तैयार हैं। गठबंधन के तहत कांग्रेस पार्टी कम से कम आधी सीटों की हकदार है, और पार्टी 150 से कम सीटों पर मैदान में नहीं उतरेगी।"
उन्होंने आगे बताया, "पिछले दो महीनों से उत्तर प्रदेश में सीट-बंटवारे को लेकर लगातार काम किया जा रहा है। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खर्गे, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल और मैं खुद (राजेंद्र पाल गौतम) इस पूरी प्रक्रिया पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं।" बता दें कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) उत्तर प्रदेश में 'इंडिया' गठबंधन के प्रमुख घटक दल हैं। इन दोनों दलों ने इससे पहले राज्य में 2024 का लोकसभा चुनाव भी मिलकर एक साथ लड़ा था।
मथुरा में बीजेपी की दो दिवसीय बड़ी बैठक
दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी भी आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए अपनी चुनावी रणनीति को धार देने और संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत करने में जुट गई है। इसके तहत पार्टी 3 और 4 अक्टूबर को मथुरा में दो दिवसीय उच्चस्तरीय संगठनात्मक बैठक आयोजित करेगी। ब्रज क्षेत्र में होने वाली इन अहम बैठकों की अध्यक्षता बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे। इस दौरान पार्टी की चुनावी तैयारियों, संगठन को जमीन पर और मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा होने की उम्मीद है।
इस दो दिवसीय मंथन में उत्तर प्रदेश के कई वरिष्ठ बीजेपी नेता हिस्सा लेंगे, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष और अन्य प्रमुख पदाधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा ब्रज क्षेत्र के तमाम दिग्गज कार्यकत्तार और वरिष्ठ पदाधिकारी भी इस चर्चा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इस बैठक में मुख्य रूप से ब्रज क्षेत्र में पार्टी की संगठनात्मक स्थिति, जमीनी स्तर की तैयारियों और पार्टी के राज्य व क्षेत्रीय नेतृत्व के बीच आपसी तालमेल को और बेहतर बनाने पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।

No Previous Comments found.