आलू उत्पादक किसानों को राहत, उत्तर प्रदेश सरकार ने शुरू की योजनाऐं...

उत्तर प्रदेश सरकार ने आलू उत्पादक किसानों को राहत देने के लिए 2026-27 के लिए 3 नई योजनाएं शुरू की हैं। उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने लखनऊ में इन योजनाओं का लाभ देने के लिए ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया है।

1,000 करोड़ रुपये का भाव स्थिरता कोष

आलू के बंपर उत्पादन के दौरान बाजार भाव गिरने से किसानों को होने वाले नुकसान से राहत देने के लिए 1,000 करोड़ रुपये का ‘भामाशाह भाव स्थिरता कोष’ बनाया गया है, जिसमें शुरुआती तौर पर 100 करोड़ रुपये की टोकन राशि रखी गई है। कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता वाली समिति आलू की उत्पादन लागत तय करेगी। इसके बाद किसानों को उत्पादन लागत के 25 प्रतिशत या लागत और बिक्री मूल्य के अंतर में से जो राशि कम होगी, उतनी सब्सिडी दी जाएगी। यह लाभ अधिकतम 2 हेक्टेयर भूमि और प्रति हेक्टेयर 240 क्विंटल आलू की उपज तक मिलेगा। इससे करीब 12 से 14 लाख किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

किसानों को ऑनलाइन करना होगा आवेदन

दिनेश प्रताप सिंह के अनुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को केवल ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। पात्र किसानों को सब्सिडी की राशि सीधे बैंक खाते में DBT के जरिए भेजी जाएगी। योजना दो चरणों में लागू होगी—पहला चरण 1 जनवरी से 15 अप्रैल और दूसरा 1 जुलाई से 31 अक्टूबर तक रहेगा।

कोल्ड स्टोरेज में भंडारण पर मिलेगी छूट

निजी कोल्ड स्टोरेज में आलू रखने वाले किसानों के लिए 1,000 करोड़ रुपये की योजना लागू की गई है, जिसमें शुरुआती तौर पर 100 करोड़ रुपये की टोकन राशि रखी गई है। इसके तहत किसानों को भंडारण शुल्क में 100 रुपये प्रति क्विंटल की छूट मिलेगी, जिसकी अधिकतम सीमा 20 हजार रुपये प्रति किसान होगी। प्रदेश के 2,363 निजी शीतगृहों में भंडारित 173.03 लाख मीट्रिक टन आलू के आधार पर इस योजना से 15 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलने का दावा किया गया है।

उच्च गुणवत्ता वाले आलू बीज पर 1,000 रुपये तक की छूट

किसानों को नई और उच्च गुणवत्ता वाली आलू प्रजातियों के बीज उपलब्ध कराने के लिए 5 करोड़ रुपये की ‘बीज विक्रय दर छूट योजना’ शुरू की गई है। इसके तहत विभागीय आधारीय आलू बीज खरीदने पर किसानों को अधिकतम 1,000 रुपये प्रति क्विंटल की सीधी छूट मिलेगी। इससे प्रति हेक्टेयर उत्पादन लागत कम करने में मदद मिलेगी और 15 हजार से अधिक आलू उत्पादक किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.