उत्तर प्रदेश के आगरा में खुलेगा अंतर्राष्ट्रीय आलू केंद्र

उत्तर प्रदेश के आगरा में खुलेगा अंतर्राष्ट्रीय आलू केंद्र
जल्द ही उत्तर प्रदेश आगरा जिले के सींगना में अंतर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र खोला जायगा जिसके लिए भारत सरकार की कैबिनेट द्वारा अंतर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र की स्थापना के लिए रू0-111 करोड़ की मंजूरी दे दी गयी है। ये केंद्र न केवल भारतीय आलू को बैश्विक पहचान दिलाएगा। बल्कि आलू की खेती और उसकी वृद्धि के लिए किसानों को और तकनीकी रूप से मजबूत करने की दिशा में भी काम करेगा। इसकी जानकारी आज उत्तर प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने एक प्रेसवार्ता के माध्यम से दी।
उत्तर प्रदेश के उद्यानमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र (CIP) प्रस्ताव का मुख्य उद्देश्य आलू और शकरकंद की उत्पादकता, कटाई के बाद प्रबंधन एवं मूल्य संवर्धन में सुधार करके खाद्य और पोषण सुरक्षा, किसानों की आय और रोजगार सृजन को बढ़ाना है।
भारत में आलू के उत्पादन, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, परिवहन, विपणन, मूल्य श्रृंखला आदि के क्षेत्र में महत्वपूर्ण रोजगार अवसर पैदा करने की असीम सम्भावनाएं है। इसलिए, इन क्षेत्रों में विशाल क्षमता के दोहन एवं अन्वेषण करने के लिए ही उत्तर प्रदेश के आगरा के सिंगना में अंतर्राष्ट्रीय आलू केंद्र (सीआईपी) के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना की जा रही है।
सीएसएआरसी द्वारा विकसित आलू और शकरकंद की उच्च उपज देने वाली, पोषक तत्वों से भरपूर और जलवायु अनुकूल किस्में विश्व-स्तरीय विज्ञान एवं नवाचार के माध्यम से न केवल भारत में बल्कि दक्षिण एशिया क्षेत्र में भी आलू और शकरकंद क्षेत्र के सतत विकास को महत्वपूर्ण रूप से गति प्रदान करेंगी।
ये अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राज्य के कृषि एवं आलू उत्पादक कृषकों के हित में दूरदर्शी सोच एवं संवेदनशीलता का प्रतिफल है।
इसके साथ साथ उत्तर प्रदेश के उद्यानमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने इस साल के आम महोत्सव का ऐलान किया उन्होंने कहा कि आम के उत्पादन, निर्यात, प्रसंस्करण आदि को प्रोत्साहित किये जाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2025 का आयोजन दिनांक 04 जुलाई, 2025 से 06 जुलाई, 2025 के मध्य अवध शिल्प ग्राम, अवध विहार योजना, सेक्टर-09, अमर शहीदपथ, लखनऊ में भव्य रूप से किया जा रहा है।
आज उत्तर प्रदेश आम के उत्पादन में देश में अगृणी राज्य है। वर्ष 2024-25 में प्रदेश में 3.25 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में आम की बागवानी की गयी जो देश कुल क्षेत्रफल का 13.5 प्रतिशत है। इसी प्रकार प्रदेश में 61.46 लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन हुआ, जो देश कुल उत्पादन का लगभग 27 प्रतिशत है।
प्रदेश में आम की लगभग 600 से अधिक प्रजातियों का उत्पादन किया जा रहा है, जिनमें प्रमुखरूप से दशहरी, लंगड़ा, चौसा, गौरजीत, आम्रपाली, रामकेला, रटौल, लखनऊ सफेदा, बाम्बेग्रीन एवं अन्य रंगीन प्रजातियां प्रमुख रूप से सम्मिलित हैं। सहारनपुर, मेरठ, बागपत, बुलन्दशहर, अमरोहा, बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर, उन्नाव, अयोध्या, लखनऊ, प्रतापगढ़, वाराणसी आदि आम उत्पादन वाले प्रमुख जनपद है।
विगत वर्ष आम महोत्सव-2024 में 07 श्रेणियों के 58 वर्गों में लगभग 600 से अधिक आम की प्रजातियों एवं प्रसंस्कृत उत्पाद का प्रदर्शन किया गया तथा जापान को आम निर्यात किये गये। इस बार के आम महोत्सव-2025 में 600 से अधिक आम की प्रजातियों का प्रदर्शन किया जायेगा।
इस बार के आम महोत्सव-2025 में प्रदेश के अतिरिक्त मध्य प्रदेश, उत्तराखण्ड, छत्तीसगढ़, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र एवं अन्य प्रांतों के उद्यान विभाग के प्रतिनिधि, प्रगतिशील बागवान एवं निर्यातकों द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा।आम महोत्सव-2025 में आम से बने विभिन्न पकवान एवं व्यंजन प्रदर्शित किये जायेंगे साथ ही प्रतिभागियों द्वारा तैयार आम के पकवानों की प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जायेगा।
No Previous Comments found.