Valentine’s Day से पहले प्रकृति का रोमांटिक तोहफा, आसमान में दिखा दिल के आकार का अरोरा
प्रकृति एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज़ से लोगों को चौंकाने में कामयाब रही है। नॉर्वे के आसमान में दिल के आकार का अरोरा, जिसे नॉर्दर्न लाइट्स कहा जाता है, दिखाई दिया। इस दुर्लभ और खूबसूरत नज़ारे को फोटोग्राफर क्रिस्टोफफर वेंगेन ने कई दिनों के इंतजार और मेहनत के बाद अपने कैमरे में कैद किया। यह तस्वीर 16 जनवरी को ली गई थी और 21 जनवरी को सोशल मीडिया पर शेयर की गई, जहां इसे देखते ही देखते हजारों लाइक्स और प्रतिक्रियाएं मिलीं।
![]()
फोटोग्राफर के अनुसार, वह लंबे समय से अरोरा में अलग-अलग आकृतियों जैसे पक्षी या स्कल जैसी आकृति को कैप्चर करना चाहते थे, लेकिन प्रकृति ने उन्हें दिल के आकार का अरोरा दिखाकर खास तोहफा दिया। आमतौर पर आसमान में बनने वाले ऐसे आकार बहुत कम समय के लिए दिखाई देते हैं, जिससे उन्हें कैमरे में कैद करना बेहद मुश्किल होता है।
अरोरा सूर्य से आने वाले आवेशित कणों के पृथ्वी के वायुमंडल के परमाणुओं से टकराने के कारण बनता है। इस टकराव से निकलने वाली ऊर्जा प्रकाश के रूप में दिखाई देती है, जिससे आसमान में हरे, नीले और लाल रंग की चमकदार आकृतियां बनती हैं। यह नज़ारा न सिर्फ वैज्ञानिक रूप से रोचक है, बल्कि देखने वालों के लिए बेहद रोमांचक और यादगार भी होता है।


No Previous Comments found.