वंदे भारत में खाने के साथ परोसा गया लोहे का बोल्ट? IRCTC की कैटरिंग पर उठे सवाल

भारतीय रेलवे की प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस में परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बेंगलुरु से बेलगावी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री को खाने में लोहे का बड़ा बोल्ट मिला। यात्री ने इसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर IRCTC से शिकायत की। मामला सामने आने के बाद रेलवे की कैटरिंग व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

यह घटना शनिवार, 28 नवंबर को सामने आई। यात्री समर्थ कोडियाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर खाने का वीडियो और तस्वीरें पोस्ट कीं। तस्वीरों में एक वड़ा दो हिस्सों में टूटा हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि उसके पास लोहे का एक बड़ा बोल्ट रखा हुआ है। यात्री ने अपनी पोस्ट में बताया कि बेंगलुरु से बेलगावी की यात्रा के दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस में परोसे गए वड़े में उन्हें धातु का बोल्ट मिला। उन्होंने इसे खाने की गुणवत्ता और सुरक्षा में गंभीर लापरवाही बताते हुए रेलवे अधिकारियों से मामले की जांच करने की मांग की।

पोस्ट वायरल होते ही IRCTC ने यात्री की शिकायत पर प्रतिक्रिया दी और हुई परेशानी के लिए खेद जताया। IRCTC ने कहा कि संबंधित कैटरिंग सर्विस प्रोवाइडर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही IRCTC ने किचन स्टाफ को निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर यानी SOP का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित अधिकारियों को किचन यूनिट का निरीक्षण करने और भोजन तैयार करने से पहले इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की जांच सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

इस घटना ने एक बार फिर रेलवे में यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन में इस तरह की शिकायत सामने आने के बाद यात्रियों की चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।

अब सवाल यह है कि कैटरिंग कंपनी के खिलाफ कार्रवाई के बाद क्या रेलवे की खानपान व्यवस्था में वास्तव में सुधार होगा? यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी आखिर कौन सुनिश्चित करेगा?

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.