‘हमें गाने की जरूरत नहीं’! वंदे मातरम् पर राहुल गांधी के VIDEO से मचा घमासान
कांग्रेस मुख्यालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि राष्ट्रगीत के गायन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी बातचीत कर रहे थे और राहुल गांधी की ओर से भी वंदे मातरम् को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की और आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 140 करोड़ देशवासियों की भावनाओं का अपमान किया है।
प्रदीप भंडारी ने एक वीडियो दिखाते हुए दावा किया कि इसमें राहुल गांधी कथित तौर पर कहते सुनाई दे रहे हैं कि ‘हमें गाने की जरूरत नहीं है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी वंदे मातरम् के गायन को लेकर नाराजगी जता रहे थे। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि वंदे मातरम् सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों का उद्घोष और देशवासियों की देशभक्ति की भावना का प्रतीक है। वहीं, कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को खारिज कर दिया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सफाई देते हुए कहा कि वंदे मातरम् का गायन रोकने की कोई कोशिश नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के काफी देर से खड़े होने के कारण उनके लिए कुर्सी लाने को कह रही थीं।
जयराम रमेश ने वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस की ऐतिहासिक परंपरा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 28 अक्टूबर 1937 को कलकत्ता में महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल, मौलाना अबुल कलाम आजाद, जवाहरलाल नेहरू, गोविंद बल्लभ पंत और सी. राजगोपालाचारी की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हुई थी। रवींद्रनाथ टैगोर की सलाह पर कांग्रेस अधिवेशनों में वंदे मातरम् के शुरुआती अंतरों के गायन का फैसला हुआ था। जयराम रमेश ने दावा किया कि शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् के सभी छह अंतरों का गायन किया गया और इस मुद्दे पर किसी तरह का विवाद नहीं है।
वहीं, बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने दावा किया कि स्वतंत्रता दिवस पर पहली बार कांग्रेस मुख्यालय में पूरे वंदे मातरम् का गायन किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि शुरुआती छंद के बाद सोनिया गांधी ने इसे रोकने का संकेत दिया और राहुल गांधी भी गायन खत्म करने का इशारा करते नजर आए। मालवीय ने दावा किया कि बाद में वंदे मातरम् का पूर्ण गायन किया गया।
इस पूरे मामले को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी इसे राष्ट्रगीत के सम्मान से जोड़ रही है, जबकि कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी वीडियो को गलत संदर्भ में पेश कर राजनीतिक विवाद खड़ा कर रही है।
No Previous Comments found.