लहरतारा में पीडब्ल्यूडी लापरवाही से मकान ढहा, भाई-बहन की मौत

वाराणसी : लहरतारा में गिरे मकान का मलबा और बचाव में जुटी टीमें वाराणसी के लहरतारा में दर्दनाक हादसा: पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से मकान ढहा, भाई-बहन की मौत, कई घायल वाराणसी के मंडुआडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत लहरतारा स्थित कबीर बालिका स्कूल के पास मंगलवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जब साहनी परिवार का मकान अचानक भरभराकर जमींदोज हो गया। अलसुबह हुए इस हादसे में घर के भीतर सो रहे लोग मलबे में दब गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया, जबकि सूचना मिलते ही लहरतारा चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकान के गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद सबसे पहले स्थानीय पुलिस और चौकी प्रभारी ने मोर्चा संभाला और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। इसके बाद फायर ब्रिगेड, आपदा राहत टीम और एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल ट्रामा सेंटर भेजा गया। इस हादसे में सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत की सूचना है, जबकि चार अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसपास के कई मकानों की दीवारों में भी दरारें आ गई हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।

 
रिपोर्टर : अब्दुल्ला हाशमी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.