मिशन पोषण 2.0 व जननी शिशु सुरक्षा योजना से जिले में 85% प्रगति
वाशिम - माता व शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित मिशन पोषण 2.0 तथा जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत वाशिम जिले में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। वित्तीय वर्ष 2025–26 के अंतर्गत मार्च 2026 तक जिले में 85 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति हासिल की गई है। जिले के लिए कुल 6280 लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके मुकाबले 7847 पंजीकरण किए गए, जिनमें से 6029 प्रसव दर्ज किए गए हैं। लाभार्थियों को पीएफएमएस प्रणाली के माध्यम से विभिन्न किश्तों में आर्थिक सहायता प्रदान की गई,जिससे कुल 5150 लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ है। ब्लॉकवार प्रदर्शन में मंगरुळपीर (98%) और कारंजा (98%) तालुके अग्रणी रहे हैं। वहीं वाशिम (84%), रिसोड (83%) तथा मानोरा (81%) ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है। जबकि मालेगांव में 57% प्रगति दर्ज की गई है। इन योजनाओं के माध्यम से गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को सुरक्षित प्रसव हेतु आर्थिक सहायता मिल रही है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को निःशुल्क उपचार, जांच और आर्थिक सहायता उपलब्ध हो रही है, जिससे माता व शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिल रही है। साथ ही महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और उनके सशक्तिकरण को बल मिल रहा है। कुल मिलाकर, मिशन पोषण 2.0 और जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन से वाशिम जिले में माता-शिशु स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत हो रही है और महिला सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम उठाया जा रहा है।
रिपोर्टर - नागेश अवचार

No Previous Comments found.