7.5 तीव्रता के भूकंप से वेनेज़ुएला दहला, 32 की मौत, 700 घायल

वेनेज़ुएला में बुधवार को आए दो शक्तिशाली भूकंपों और लगातार आए कई आफ्टरशॉक्स के बाद हालात गंभीर हो गए हैं। देश की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर दी है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ ही सेकंड के अंतराल में आए इन दोनों भूकंपों ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई। कई इमारतें ढह गईं और बड़ी संख्या में संरचनात्मक नुकसान की पुष्टि हुई है। इसके चलते सिमोन बोलिवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (माइकेटिया) भी बंद कर दिया गया है, क्योंकि वहां भी बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। सरकार ने एहतियातन कुछ दिनों के लिए स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया है।

राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने जानकारी दी कि अब तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 700 लोग घायल हुए हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यह आंकड़े अभी शुरुआती हैं और आधिकारिक अंतिम संख्या अभी तय नहीं है।

भूकंप के बाद से 20 से अधिक आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए हैं, जिससे राहत और बचाव कार्यों में मुश्किलें बढ़ गई हैं और आगे और नुकसान की आशंका बनी हुई है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, बुधवार दोपहर राजधानी कराकस से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम में 7.2 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके लगभग एक मिनट बाद उसी क्षेत्र में 7.5 तीव्रता का एक और शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया। USGS ने चेतावनी दी है कि इस आपदा में “भारी जानमाल का नुकसान” हो सकता है और स्थिति व्यापक स्तर पर प्रभावित करने वाली है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, मृतकों की संख्या 10,000 से 1,00,000 तक पहुंच सकती है।

हवाई अड्डे के बंद होने से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर पड़ा है। इंजीनियरिंग टीमें नुकसान का आकलन कर रही हैं और मरम्मत कार्य शुरू किया जा रहा है।

स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत कार्यों में जुटी हुई हैं। कराकस के चाकाओ जिले के मेयर ने बताया कि बचाव अभियान जारी है और मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जैसे-जैसे राहत कार्य आगे बढ़ेगा, मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.