जब सामूहिक विवाह में विधायक खुद बनेंगे दूल्हा…शादी ऐसी कि पूरा सिस्टम देखता रह जाए!
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एक अनोखा और ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है, जहां स्थानीय विधायक दीपेश साहू 31 मई को सामूहिक विवाह समारोह में बेहद सादगी के साथ विवाह के बंधन में बंधेंगे। यह आयोजन जिला मुख्यालय स्थित बेसिक स्कूल मैदान में रखा गया है, जिसमें उनके साथ 23 अन्य जोड़े भी एक साथ विवाह करेंगे।
यह पहली बार माना जा रहा है जब किसी मौजूदा विधायक ने बिना किसी भव्यता या भारी-भरकम खर्च के सामूहिक विवाह समारोह में खुद अपनी शादी करने का निर्णय लिया है। उनके इस फैसले को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा है और कई लोग इसे सादगी व सामाजिक संदेश देने वाली पहल के रूप में देख रहे हैं।
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ-साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री रमेश सिंह, सांसद विजय बघेल, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे।
दीपेश साहू का जन्म 23 जनवरी 1988 को बेमेतरा जिले के नवागढ़ में हुआ था। उनके पिता का नाम भरत राम साहू है। उन्होंने राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर (Post Graduation) की पढ़ाई की है और उनका पेशा कृषि से भी जुड़ा हुआ है। वर्तमान में उनकी उम्र 38 वर्ष है। उन्होंने 2023 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर जीत हासिल करते हुए कांग्रेस उम्मीदवार आशीष कुमार छाबड़ा को पराजित किया था और वे बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
इस सामूहिक विवाह समारोह में कुल 23 अन्य जोड़ों का भी विवाह संपन्न होगा, जिनमें कई आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के वर-वधू शामिल हैं। इनमें सूरज–माधुरी, खिलानंद–सती, विजय–सोनिया, धनंजय–मथु और गीतांजली सहित अन्य जोड़े सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत करेंगे।
यह आयोजन सामाजिक समरसता और सादगी का संदेश देने वाला माना जा रहा है, जिसमें एक जनप्रतिनिधि स्वयं भी आम जनता के साथ विवाह समारोह का हिस्सा बनकर एक उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

No Previous Comments found.