आईएएस संतोष वर्मा की बर्खास्ती करने की मांग,पुतला फूंका
गंज बासौदा - अजास्क के प्रांतीय सम्मेलन में आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा अपने भाषण में ब्राह्मण समाज की बेटियों पर अभद्र टिप्पणी करने से पूरे प्रदेश भर में बवाल खड़ा हो गया है। इसी विषय अंतर्गत बुधवार को गंज बासौदा में भी ब्राह्मण समाज एवं शहर के प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा एक विशाल विरोध प्रदर्शन किया गया और मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन, तहसीलदार को सौंपा। ब्राह्मण समाज के सैंकड़ों लोगों ने शहर थाना पहुंचकर संतोष वर्मा पर प्रदेश की शांति व्यवस्था भंग करने एवं जन भावनाओं को आहत करने पर आपराधिक मुकदमा दर्ज करने की मांग की। ज्ञात हो कि 23 नवंबर को भोपाल में अजाक्स का प्रांतीय सम्मेलन आयोजित किया गया था। जिसमें प्रांत अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करते समय आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा ने अपने भाषण में कहा कि मेरे परिवार को आरक्षण का लाभ तब तक मिलना चाहिए, जब तक कोई ब्राह्मण,मेरे लड़के को अपनी बेटी की दान ना कर दे अथवा उससे संबंध ना बना लें।
ब्राह्मण समाज की बेटियों पर आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा की टिप्पणी के बाद से ही पूरे प्रदेश भर में इस बयान की निंदा हो रही है। बुधवार को ब्राह्मण समाज के तत्वाधान में सैकड़ो लोग एक रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचे एवं वहां उपस्थित तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रमुखता से कहा गया कि मध्य प्रदेश शासन के अधीन कार्यरत एक विकृत एवं कुंठित मानसिकता से ग्रस्त आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा एक कार्यक्रम के दौरान ब्राह्मण समाज की बेटियों को लेकर अत्यंत ही अभद्र एवं अशोभनीय टिप्पणी की गई है। शासकीय पद पर बैठे वरिष्ठ अधिकारी द्वारा की गई इस प्रकार की टिप्पणी से संपूर्ण भारत के प्रबुद्ध नागरिक एवं ब्राह्मण समाज क्षुब्द एवं आक्रोशित है। एक संवैधानिक एवं जिम्मेदार पद पर बैठे हुए अधिकारी द्वारा ब्राह्मण समाज को निशाना बनाकर, हमारे मान- सम्मान मर्यादा एवं परिवारों पर सीधा हमला किया गया है। जो कि अक्षम्य है। संतोष वर्मा के इस कृत्य से देश एवं प्रदेश की शांति व्यवस्था सद्भावना पर भी कुठाराघात हुआ है। ऐसी कृत्यों से समाज की शांति व्यवस्था भंग होने का अंदेशा है। ब्राह्मण समाज की उपस्थिति लोगों ने यह मांग भी की है कि संतोष वर्मा जैसे कुंठित एवं विकृत मानसिकता तथा निम्न स्तरीय सोच रखने वाले शासकीय अधिकारी के विरुद्ध तुरंत कठोर कार्यवाही की जाए, उचित विधि सम्मत धाराओं में आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाए तथा इसको शासकीय सेवा से बर्खास्त किया जाए। समाज द्वारा यह चेतावनी भी दी गई कि यदि उक्त मामले की गंभीरता को देखते हुए भी शासन कोई कठोर कार्यवाही नहीं करता तो ब्राह्मण समाज,उग्र आंदोलन के लिए विवश हो जाएगा जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। तहसील परिसर में ज्ञापन के पश्चात ब्राह्मण समाज लोगों ने शहर थाना पहुंचकर एसडीओपी शिखा भलावी से संतोष वर्मा के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की। इस दौरान माहौल काफी गर्म रहा। एसडीओपी शिखा भलावी को ब्राह्मण समाज से एक लिखित आवेदन दिया है और 3 दिन में उक्त आवेदन पर जांच एवं कार्यवाही की मांग की है।इस दौरान ब्राह्मण समाज द्वारा जय स्तंभ चौक पर आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा का पुतला भी फूंका गया।
रिपोर्टर - हेमंत आनंद

No Previous Comments found.