नरवाई प्रबंधन को लेकर शमशाबाद मंडी में जागरूकता कार्यक्रम

विदिशा : जिला विदिशा में नरवाई प्रबंधन को लेकर जागरूकता गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशानुसार जिले में नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने तथा किसानों को इसके दुष्परिणामों से अवगत कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में कृषि उपज मंडी शमशाबाद, विकासखंड नटेरन में नरवाई प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री अजय प्रताप सिंह पटेल की उपस्थिति में मंडी में मौजूद किसानों को नरवाई न जलाने के लिए प्रेरित किया गया।
एसडीएम श्री पटेल ने किसानों को संबोधित करते हुए बताया कि नरवाई जलाने से मिट्टी में मौजूद लाभकारी सूक्ष्म जीव एवं पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं, जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति कम हो जाती है और भूमि कठोर होती जाती है। इसके परिणामस्वरूप आने वाली फसल भी प्रभावित हो सकती है। उन्होंने किसानों को नरवाई जलाने पर लागू दंडात्मक प्रावधानों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री जगदीश गुर्जर ने किसानों को नरवाई प्रबंधन के विभिन्न उपायों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने किसानों को एसएमएस (सुपर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम) युक्त हार्वेस्टर से कटाई कराने के लिए प्रेरित किया तथा खेतों में आग न लगाने की अपील की। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि खेतों में बचे फसल अवशेषों को नजदीकी गौशालाओं में भी उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है।
इस दौरान किसानों को उन्नत कृषि यंत्रों के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई और सभी उपस्थित किसानों को नरवाई न जलाने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में राजस्व, कृषि एवं मंडी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे। 

रिपोर्टर : प्रयास विश्वकर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.