गंजबासौदा में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ राज्य अधिवक्ता परिषद चुनाव
गंजबासौदा : मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद चुनाव के तहत मंगलवार को गंजबासौदा न्यायालय परिसर में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले मतदान में कुल 352 पंजीकृत अधिवक्ताओं में से 276 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान प्रक्रिया द्वितीय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हर प्रसाद बंशकार की निगरानी में संपन्न कराई गई। न्यायालय परिसर के एक कक्ष में छह पोलिंग बूथ बनाए गए थे। निर्धारित समय पर सुबह 10 बजे मतदान प्रारंभ हुआ। शुरुआती घंटों में मतदान की गति सामान्य रही, लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद अधिवक्ताओं की भीड़ बढ़ने लगी और मतदान केंद्र पर लंबी कतारें दिखाई दीं।
इस चुनाव में प्रत्याशियों की संख्या अधिक होने के कारण मतपत्र काफी लंबा रहा। मतपत्र में कुल 121 प्रत्याशियों के नाम शामिल थे, जिनमें से अधिवक्ताओं को वरीयता क्रम के आधार पर 23 प्रत्याशियों का चयन करना था। लंबे मतपत्र और वरीयता आधारित मतदान प्रक्रिया के चलते प्रत्येक मतदाता को मतदान में अपेक्षाकृत अधिक समय लगा।
द्वितीय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हर प्रसाद बंशकार ने बताया कि अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मचारियों के सहयोग से मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया हाई पावर इलेक्शन कमेटी की देखरेख में आयोजित की गई थी। मतदान से एक दिन पूर्व सभी अधिवक्ताओं को पहचान पत्र वितरित किए गए थे, जिससे मतदान प्रक्रिया व्यवस्थित रूप से संचालित हो सकी।
प्रदेशभर में तहसील न्यायालयों से लेकर उच्च न्यायालय तक अधिवक्ता मतदाताओं की संख्या लगभग 87 हजार बताई गई है। चुनाव में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत पद आरक्षित किए गए हैं, जिनमें से 20 प्रतिशत पदों पर निर्वाचन होगा, जबकि 10 प्रतिशत पदों पर मनोनयन किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार मतगणना लगभग दो माह बाद होने की संभावना है। सबसे पहले प्रथम वरीयता के मतों की गणना की जाएगी और उसके आधार पर शीर्ष दस प्रत्याशियों को विजयी घोषित किया जाएगा।
रिपोर्टर : हेमंत


No Previous Comments found.