जागरूक नागरिक की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
गंजबासौदा : नगर के नए बस स्टैंड पार्क के पास स्थित दुकानों में देर रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की तेज लपटें उठती देख आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का संभावित कारण आतिशबाजी बताया जा रहा है, हालांकि प्रशासन एवं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
आग की इस घटना में दुकानों में रखा सामान जलने की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग बुझाने के दौरान स्थानीय लोगों ने भी साहस और तत्परता का परिचय देते हुए फायर ब्रिगेड का सहयोग किया। लोगों ने पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया।
इस पूरे घटनाक्रम में जागरूक नागरिक महेंद्र रघुवंशी की सतर्कता सराहनीय रही। उन्होंने आग लगते ही तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। महेंद्र रघुवंशी को आशंका थी कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो पास स्थित हरे-भरे पेड़ और पूरा पार्क भी इसकी चपेट में आ सकता है, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था। उनकी तत्परता और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका के चलते समय पर राहत कार्य शुरू हो सका।
फिलहाल प्रशासन आग से हुए नुकसान का आंकलन करने में जुटा हुआ है, वहीं पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
रिपोर्टर : हेमंत

No Previous Comments found.