महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में विदिशा परिवहन विभाग की सराहनीय पहल
विदिशा : महिलाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर वाहन संचालन के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय, विदिशा द्वारा आयोजित नि:शुल्क लर्निंग लाइसेंस शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कलेक्टर के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष शिविर में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 113 महिलाओं के लर्निंग लाइसेंस बनाए गए।
शिविर के दौरान महिला आवेदिकाओं को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, सड़क सुरक्षा नियमों तथा ऑनलाइन परीक्षा संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। परिवहन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रत्येक आवेदिका को आवेदन से लेकर ऑनलाइन टेस्ट तक पूरी प्रक्रिया में सहयोग दिया।
जिला परिवहन अधिकारी श्री गिरजेश वर्मा ने बताया कि महिलाओं को दोपहिया एवं चारपहिया वाहन के लर्निंग लाइसेंस के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना पड़ता है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उन्हें वैधानिक प्रक्रिया से जोड़ना तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
परिवहन विभाग ने भविष्य में भी ऐसे विशेष शिविर आयोजित करने की बात कही है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इस नि:शुल्क सुविधा का लाभ उठाकर आत्मविश्वास के साथ वाहन संचालन कर सकें। यह पहल महिला सशक्तिकरण और सड़क सुरक्षा जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
रिपोर्टर : हेमंत आनंद
No Previous Comments found.