अवैध मुरम भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
विदिशा : कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को तहसील शमशाबाद क्षेत्र में संयुक्त टीम द्वारा अवैध रूप से भंडारित खनिज मुरम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रभारी अधिकारी खनिज शाखा, खनि निरीक्षक विदिशा तथा नायब तहसीलदार शमशाबाद की संयुक्त टीम ने तहसील शमशाबाद स्थित शासकीय भूमि का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान शासकीय भूमि पर खनिज मुरम का अवैध रूप से भंडारण पाया गया। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध भंडारित मुरम को जब्त कर संबंधित प्रकरण दर्ज किए गए।
कार्रवाई के दौरान अवैध गतिविधियों में प्रयुक्त दो ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त की गईं। इनमें एक सोनालीका ट्रैक्टर-ट्रॉली (चेसिस नंबर CZXSC224291/3) तथा दूसरी महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली (सीरियल नंबर 21022682) शामिल है। जब्त वाहनों को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु थाना करारिया, तहसील विदिशा में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज विभाग द्वारा संबंधित प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूर्ण की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज नियम, 2022 के तहत प्रकरण तैयार कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
रिपोर्टर : प्रयास विश्वकर्मा
No Previous Comments found.