सैकड़ों बीघा वनभूमि पर ट्रैक्टर दौड़े, जंगल बने खेत - वन विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल

शमशाबाद : वन परिक्षेत्र की सैकड़ों बीघा सरकारी जमीन पर खुलेआम ट्रैक्टर चलाकर फसल बुआई किए जाने का मामला सामने आया है। किशनपुर के खोए, संग्रामपुर, भगवानपुर, भियाखेड़ी , बरोदिया बीट सहित कई गांवों में वनभूमि को खेतों में तब्दील किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे मामले में वन विभाग या तो पूरी तरह बेखबर बना हुआ है या फिर यह सब कुछ उसकी मिलीभगत से हो रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार  किशनपुर के खोए के जंगल के बीचों-बीच बेखौफ तरीके से ट्रैक्टर चलाकर जमीन की हाकाई-जुताई कर फसल बोई गई है। सरकारी जंगल धीरे-धीरे कृषि भूमि में बदलते जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी मूकदर्शक बने हुए हैं।

सीसीटी खुदाई और मुनारे बने महज दिखावा
वनभूमि की सुरक्षा के नाम पर हर वर्ष लाखों रुपए खर्च कर सीसीटी खुदाई और मुनारे बनाए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके ठीक उलट है। चिन्हित सीमाओं के बावजूद अतिक्रमण जारी है और वन अमला कोई ठोस कार्रवाई करता नजर नहीं आ रहा।

कागजी कार्रवाई में सिमटी टीम
बरसात के बाद वनभूमि पर कब्जा रोकने के लिए विभाग ने विशेष टीम का गठन किया था, लेकिन यह टीम केवल सड़कों के किनारे औपचारिक निरीक्षण कर खानापूर्ति करती रही। कहीं भी बड़े स्तर पर कार्रवाई देखने को नहीं मिली।

कार्रवाई पर खर्च, फिर भी कब्जा बरकरार
हर साल अतिक्रमण हटाने के नाम पर जेसीबी और ट्रैक्टर से गड्ढे कराकर लाखों रुपए खर्च किए जाते हैं, लेकिन कुछ ही समय बाद उन्हीं स्थानों पर दोबारा खेती शुरू हो जाती है। इससे वन कर्मियों की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ट्रांसफार्मर, कुएं और ट्यूबवेल तक स्थापित
स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि वनभूमि पर ट्रांसफार्मर रखकर कुएं और ट्यूबवेल तक स्थापित कर दिए गए हैं और धड़ल्ले से सिंचित खेती की जा रही है।
राजनीतिक दखल व अधिकारियों की मिलीभगत से वर्षों से एक ही बीट पर जमे हैं नाकेदार जिससे ग्रामीणों से मेल जोल बढ़ जाता है कुछ नाकेदार विदिशा से अप डाउन करते हैं ।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या यह सब केवल लापरवाही का नतीजा है या फिर जिम्मेदारों की मिलीभगत से सरकारी जंगलों पर कब्जा कराया जा रहा है? यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में वनभूमि पूरी तरह खेती में तब्दील हो सकती है।
"हमारे डिप्टी ,नाकेदार निरंतर वन परिक्षेत्र में सक्रिय हैं अगर किसी ने वन भूमि पर कब्जा किया है तो तत्काल बेदख की कार्यवाही की जाएगी।

रिपोर्टर : प्रयास विश्वकर्मा 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.