गड्ढों में गुम हुई सड़क, हादसों को न्योता दे रही हथौड़ा-नई मंडी रोड! विभाग की सुस्ती पर उठे सवाल
गंजबासौदा : हथौड़ा-नई मंडी रोड की बदहाल स्थिति अब वाहन चालकों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो चुके हैं, जिनसे गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है। वाहन चालकों को सड़क पर चलने के बजाय गड्ढों से बचने की मशक्कत करनी पड़ रही है। हालात ऐसे हैं कि समय रहते स्थायी सुधार नहीं हुआ तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
मरम्मत के नाम पर सिर्फ औपचारिकता, चार दिन बाद फिर वही गड्ढे
इस सड़क पर विभाग की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब भी सड़क की मरम्मत कराई जाती है तो गड्ढों में तगड़े लगाकर उन्हें भरने की औपचारिकता पूरी कर दी जाती है, लेकिन यह सुधार ज्यादा दिन टिक नहीं पाता। महज चार दिन बाद ही तगड़े उखड़ जाते हैं और सड़क फिर अपने पुराने बदहाल स्वरूप में लौट आती है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर मरम्मत के नाम पर सरकारी राशि खर्च होने के बावजूद सड़क की हालत क्यों नहीं सुधर रही?
सड़क निर्माण की फाइल तैयार, लेकिन टेंडर की तारीख नहीं!
इस संबंध में जब एसडीओ प्रदीप धाकड़ से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर की फाइल तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है। जल्द ही निर्माण कार्य होने की उम्मीद है। जब उनसे पूछा गया कि निर्माण होने तक यदि कोई दुर्घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी, तो उन्होंने कहा कि अपनी ओर से सूचना भेज दी गई है। टेंडर कब होगा, इसकी जानकारी देना संभव नहीं है।
पहले भी हो चुका है बड़ा हादसा
इस सड़क की बदहाली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ दिन पहले इसी मार्ग पर एक ट्रैक्टर बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें दो युवक ट्रॉली के नीचे दबकर घायल हो गए थे। वहीं, मंडी व्यापारियों और इस मार्ग से रोजाना गुजरने वाले लोगों का कहना है कि सड़क के गड्ढों के कारण कई वाहन चालक फिसलकर गिर चुके हैं और चोटिल हुए हैं।
अब सवाल यह है कि क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? जब सड़क की स्थिति अधिकारियों के संज्ञान में है और निर्माण की फाइल भी भेजी जा चुकी है, तो फिर स्थायी समाधान में देरी क्यों हो रही है? आखिर सड़क निर्माण होने तक आम नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन उठाएगा?
रिपोर्टर : हेमंत आनंद

No Previous Comments found.