वियतनाम में भारतीय पर्यटकों की नाव हादसे का शिकार, 15 की मौत; बचाव अभियान जारी
वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट के पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 15 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। भारतीय दूतावास ने घटना की जानकारी और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। हालांकि, दूतावास की ओर से अब तक मृतकों की आधिकारिक पहचान या पुष्टि की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
हनोई स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, शनिवार को फु क्वोक द्वीप के नजदीक यह हादसा हुआ, जिसमें कई भारतीय पर्यटक सवार थे। राहत और बचाव अभियान जारी है। मदद के लिए भारतीय मिशन ने हनोई दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय कॉन्सुलेट में कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त नाव में 32 भारतीय पर्यटक और चार क्रू सदस्य मौजूद थे। हादसे के बाद 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, 15 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव दुर्घटनाग्रस्त हुई है। मिशन ने कहा कि प्रभावित लोगों और उनके परिवारों की सहायता के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
हेल्पलाइन नंबर जारी
हादसे से जुड़ी जानकारी या सहायता के लिए भारतीय दूतावास ने निम्नलिखित संपर्क नंबर जारी किए हैं:
-
+84 36 281 7930
-
+84 91 552 3714
-
+84 33 452 0414
हनोई स्थित कंट्रोल रूम से संपर्क के लिए नंबर:
-
+84 91 308 9165
भारतीय मिशन ने कहा है कि वह प्रभावित यात्रियों और उनके परिजनों की हर संभव सहायता के लिए उपलब्ध है।
कैसे हुआ हादसा?
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह नाव होन मे रुट द्वीप से एन थोई बंदरगाह की ओर जा रही थी। समुद्र में करीब 400 मीटर की दूरी पर पहुंचने के बाद नाव तेज लहरों और खराब मौसम के कारण पलट गई। उस समय समुद्र की स्थिति चुनौतीपूर्ण बताई जा रही थी।
फु क्वोक वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप है और यह देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। पिछले कुछ वर्षों में यहां भारतीय पर्यटकों की संख्या में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई है।
No Previous Comments found.