यूपी बीजेपी प्रभारी बनते ही चर्चा में विनोद तावड़े की करोड़ों की संपत्ति, जानिए पूरा ब्योरा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश बीजेपी का प्रभारी नियुक्त किया है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मिली इस अहम जिम्मेदारी के साथ ही तावड़े की संपत्ति और चुनावी हलफनामे में दर्ज उनकी वित्तीय स्थिति भी चर्चा में है। चुनावी हलफनामे के मुताबिक, विनोद तावड़े ने अपनी और परिवार की कुल नेटवर्थ करीब 35.91 करोड़ रुपये बताई थी, जबकि उन पर करीब 4.08 करोड़ रुपये की देनदारी दर्ज है।

हलफनामे के अनुसार, तावड़े और उनकी पत्नी के विभिन्न बैंक खातों में करीब 2.21 करोड़ रुपये जमा हैं। शेयर बाजार में भी उनका निवेश है। दो कंपनियों के शेयरों में करीब 1.14 करोड़ रुपये का निवेश बताया गया है। इनमें तावड़े के पास करीब 50 लाख रुपये मूल्य के REC लिमिटेड के शेयर और करीब 65 लाख रुपये के Shreenath Mhaskoba Sakhar Ltd के शेयर शामिल हैं। उनकी पत्नी के नाम पर भी करीब 50 लाख रुपये के REC लिमिटेड के शेयर दर्ज हैं।

वाहनों की बात करें तो विनोद तावड़े के नाम पर Mahindra XUV 700 और उनकी पत्नी के नाम पर Innova Hycross दर्ज है। हलफनामे में तावड़े के नाम पर लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी और NSS या पोस्टल सेविंग में निवेश नहीं बताया गया है। उनके नाम पर सोने, चांदी या हीरे के आभूषण भी दर्ज नहीं हैं। वहीं उनकी पत्नी के नाम पर करीब 13 लाख रुपये की Kotak Smart Life Policy और करीब 400 ग्राम सोने के आभूषण बताए गए हैं।

अचल संपत्ति के मामले में मुंबई के विले पार्ले समेत अन्य स्थानों पर 10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के आवासीय मकान बताए गए हैं। पति-पत्नी के नाम पर करीब 6 करोड़ रुपये की कमर्शियल बिल्डिंग, जबकि परिवार के पास करीब 57 लाख रुपये से अधिक की कृषि भूमि और करीब 71.20 लाख रुपये की गैर-कृषि भूमि भी दर्ज है।

अब विनोद तावड़े के सामने सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती उत्तर प्रदेश की होगी। 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी ने उन्हें यूपी की जिम्मेदारी सौंपी है। महाराष्ट्र की राजनीति और संगठन में लंबे अनुभव के बाद अब तावड़े को उत्तर प्रदेश जैसे बड़े और राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण राज्य में पार्टी संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी मिली है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.