खरखुदो गांव को मिली नई सहिया, मतदान के माध्यम से ममता कुमारी का हुआ चयन

विष्णुगढ़ : प्रखंड अंतर्गत गोविंदपुर पंचायत के खरखुदो गांव में रिक्त पड़े सहिया पद के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत मतदान कराया गया। चुनाव में गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ममता कुमारी को नई सहिया के रूप में चयनित किया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव की पूर्व सहिया सपना देवी का लगभग आठ माह पूर्व कैंसर बीमारी के कारण निधन हो गया था। उनके निधन के बाद सहिया का पद रिक्त हो गया था, जिससे स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कार्यों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इसे देखते हुए नई सहिया का चयन आवश्यक हो गया था। उप प्रमुख सरजू साव ने कहा कि नई सहिया की नियुक्ति से स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लंबित कार्यों में तेजी आएगी तथा गर्भवती महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई सहिया पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी।
चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। इस अवसर पर मुखिया रीता कुमारी, सुपरवाइजर बीणा प्रसाद, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि महेश महतो, बीटीटी मुन्नी देवी, उप मुखिया मूरत महतो, वार्ड सदस्य जगदीश सिंह, दुलारी कुमारी, पूनम देवी, हेमंती देवी, नवचयनित सहिया ममता कुमारी सहित गांव के सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : संदीप मिश्रा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.