प्रेमानंद महाराज के शिष्य की संदिग्ध मौत, चौथी मंजिल से गिरने का मामला
वृंदावन के कोतवाली क्षेत्र स्थित गुरु कृपा कुंज आश्रम में शनिवार सुबह एक साधक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण के रूप में हुई है, जो संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे रसिक दुलारी शरण आश्रम की चौथी मंजिल से नीचे गिर गए। उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। आश्रम से जुड़े लोग उन्हें गंभीर हालत में सर्वोदय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मृतक के शरीर पर मिले चोटों के निशानों को लेकर पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। चोटें गिरने के बाद की हैं या उससे पहले लगी थीं, यह पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
घटना के संबंध में पुलिस को जानकारी मिलने में कुछ समय लगा। इसके बाद पुलिस टीम आश्रम पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला आत्महत्या का है या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजन मध्य प्रदेश से मथुरा पहुंच रहे हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है, जबकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर मौत की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।

No Previous Comments found.