"वोट चोरी के विरुद्ध युद्ध" कांग्रेस कार्यालय पर लगा नया पोस्टर
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं और सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी गतिविधियाँ तेज़ कर दी हैं। इस बीच, वोट चोरी के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग और सत्तारूढ़ दल के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। इसी कड़ी में युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष शरद शुक्ला की ओर से लगाया गया एक पोस्टर अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। यह पोस्टर लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगाया गया है, जो कि एक राजनीतिक रूप से संवेदनशील और प्रमुख स्थान है।
इस पोस्टर में भगवान श्रीकृष्ण को रथ पर बैठे हुए दिखाया गया है, जबकि उनके एक ओर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव खड़े नजर आ रहे हैं, यह दृश्य महाभारत के युद्ध की झलक देता है। पोस्टर के शीर्ष पर भगवद्गीता का प्रसिद्ध श्लोक "यदा यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत..." लिखा गया है, जबकि नीचे बड़े अक्षरों में संदेश दिया गया है-"वोट चोरी के विरुद्ध युद्ध"
कांग्रेस और सपा समर्थकों का कहना है कि यह पोस्टर लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए एक प्रतीकात्मक संदेश है। वहीं, विपक्षी दलों ने इस पर आपत्ति जताते हुए इसे धार्मिक प्रतीकों के राजनीतिक इस्तेमाल का प्रयास बताया है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल कोई नया नहीं है, लेकिन लखनऊ जैसे संवेदनशील शहर में इस प्रकार के पोस्टर लगना राजनीतिक और सामाजिक बहस को जन्म दे सकता है। चुनावी माहौल में इस तरह के कदमों को लेकर चुनाव आयोग और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ सकते हैं।

No Previous Comments found.