वाशिम जिले के 26,333 किसानों के खातों में 224 करोड़ रुपये कर्जमाफी से मिली बड़ी राहत

वाशिम : राज्य सरकार की पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होळकर किसान कर्जमुक्ति योजना के तहत वाशिम जिले के 26,333 पात्र किसानों की कर्जमाफी के लिए 224 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी गई है। इस निर्णय से जिले के हजारों किसान परिवारों को बड़ी राहत मिली है और किसानों में खुशी का माहौल है। भाजपा मालेगांव तालुका अध्यक्ष सुरेश मुंढे ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार ने अपने वादे के अनुरूप कर्जमाफी योजना को पारदर्शी तरीके से चरणबद्ध रूप में लागू करना शुरू कर दिया है। पहले चरण के पात्र लाभार्थियों की सूची जारी कर दी गई है, जिसमें वाशिम जिले के हजारों किसानों को शामिल किया गया है। इससे लंबे समय से आर्थिक संकट का सामना कर रहे किसानों को बड़ा सहारा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार किसान हित को प्राथमिकता देते हुए कर्जमाफी की प्रक्रिया को तेज गति से आगे बढ़ा रही है। इस योजना से किसानों पर कर्ज का बोझ कम होगा और उन्हें खेती के लिए नई आर्थिक मजबूती मिलेगी। साथ ही कृषि क्षेत्र पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
सुरेश मुंढे ने पात्र किसानों से अपील की है कि वे अपना आधार प्रमाणीकरण, ई-केवाईसी और बैंक खाते का सत्यापन जल्द से जल्द पूरा कर लें। आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूरी होने पर कर्जमाफी की राशि संबंधित ऋण खाते में अथवा पात्रता के अनुसार बिना किसी बाधा के जमा की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि मालेगांव तालुका सहित जिले के अन्य पात्र किसानों के नाम आगामी चरणों में जारी किए जाएंगे। जिन किसानों का नाम पहली सूची में शामिल नहीं है, वे चिंता न करें और सरकार द्वारा जारी होने वाली अगली सूची का इंतजार करें।
पहले चरण की राशि जारी होने के बाद वाशिम जिले के किसानों में संतोष का माहौल है। वहीं, शेष पात्र किसानों को भी जल्द से जल्द कर्जमाफी का लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

रिपोर्टर : नागेश अवचार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.