नाजिया इलाही खान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कारंजा में AIMIM ने पुलिस थाना एवं तहसीलदार कार्यालय को सौंपा ज्ञापन
वाशिम : भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा की नेता नाजिया इलाही खान उर्फ नाजिया सनातनी द्वारा कथित रूप से दिए गए विवादित बयानों के विरोध में कारंजा में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) की ओर से तीव्र विरोध प्रदर्शन किया गया। मंगलवार को AIMIM पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कारंजा शहर पुलिस थाना तथा तहसीलदार कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर उनके विरुद्ध मामला दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
AIMIM महाराष्ट्र प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी मोहम्मद युसुफ सेठ पुंजानी के मार्गदर्शन में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि नाजिया इलाही खान ने एक पॉडकास्ट के दौरान हजरत मोहम्मद मुस्तफा (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) तथा उम्मुल मोमिनीन हजरत आयशा सिद्दीका (रज़ियल्लाहु अन्हा) के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक एवं विवादास्पद टिप्पणियां की हैं, जिससे मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि ऐसे बयानों से सामाजिक सौहार्द, धार्मिक एकता और राष्ट्रीय सद्भाव को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए उनके खिलाफ तत्काल आपराधिक मामला दर्ज कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर नगर परिषद के विभिन्न पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। ज्ञापन की प्रत संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपते हुए मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई।
रिपोर्टर : नागेश अवचार
No Previous Comments found.