मालेगांव पुलिस की तत्परता से नागरिक को दो दिन में लौटे ₹1.30 लाख

मालेगांव (वाशिम) : वाशिम जिला पुलिस की डायल 112 टीम की सतर्कता और ईमानदार कार्यप्रणाली के कारण एक नागरिक की खोई हुई ₹1,30,000 की नकद राशि सुरक्षित वापस मिल गई। इस सराहनीय कार्य के बाद संबंधित नागरिक ने मालेगांव पुलिस और डायल 112 टीम का आभार व्यक्त किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 जून की शाम करीब 7 बजे डायल 112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि समृद्धि महामार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप पर एक बैग छूट गया है, जिसमें बड़ी मात्रा में नकद राशि रखी हुई है।
सूचना मिलते ही मालेगांव पुलिस थाना के पुलिस निरीक्षक राजेश खेरडे के मार्गदर्शन में डायल 112 टीम के पुलिस हेड कॉन्स्टेबल सुखनंदन तांबारे तथा चालक पुलिस कॉन्स्टेबल पवन भालेराव तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। समृद्धि महामार्ग के चैनल नंबर 231 स्थित जवळका क्षेत्र के पेट्रोल पंप पर तलाश करने पर बैग सुरक्षित अवस्था में कार्यालय में मिला।
पंचों की उपस्थिति में बैग की जांच की गई, जिसमें ₹1,30,000 नकद सुरक्षित मिले। पुलिस ने बैग के मालिक मनोज जगदीश मुजुमदार, निवासी नेवासा (जिला अहमदनगर) से संपर्क कर राशि की पुष्टि की और पूरी रकम सुरक्षित रूप से मालेगांव पुलिस थाने में जमा कर दी।
26 जून को मनोज मुजुमदार स्वयं मालेगांव पुलिस थाने पहुंचे। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उन्हें उनकी ₹1.30 लाख की नकद राशि सौंप दी।
राशि वापस मिलने पर मनोज मुजुमदार ने कहा कि, "मालेगांव पुलिस और डायल 112 टीम की तत्परता से मेरा बड़ा आर्थिक नुकसान टल गया। पुलिस वास्तव में जनता की सच्ची मित्र है।"
वाशिम के पुलिस अधीक्षक ने इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस निरीक्षक राजेश खेरडे तथा डायल 112 टीम की सराहना की है। साथ ही नागरिकों से यात्रा के दौरान नकदी एवं कीमती सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में 112 टोल-फ्री नंबर पर संपर्क करने की अपील की गई है।

रिपोर्टर : नागेश अवचार
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.