2029 विधानसभा चुनाव के लिए उद्धव सेना ने वाशिम से पहली उम्मीदवारी घोषित की

वाशिम - आगामी 2029 महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने वाशिम से बड़ी राजनीतिक घोषणा की है। 27 जून को वाशिम के अकोला नाका स्थित जैन भवन में आयोजित शिवसैनिकों की विशाल सभा में उन्होंने पार्टी के संपर्क प्रमुख डॉ.सिद्धार्थ देवले को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू करने के निर्देश देते हुए उन्हें उम्मीदवार घोषित किया। सभा को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने डॉ. देवले का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि पिछली बार मिली हार की भरपाई अब करनी है। उन्होंने कहा कि चुनाव में अभी तीन वर्ष का समय है, इसलिए अभी से पूरी ताकत के साथ जनता के बीच काम शुरू करें।

गौरतलब है कि पिछला विधानसभा चुनाव डॉ. सिद्धार्थ देवले ने महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार के रूप में लड़ा था, जिसमें उन्हें भाजपा उम्मीदवार के हाथों मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। इस बार उद्धव ठाकरे द्वारा मंच से सीधे उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद वाशिम विधानसभा सीट को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है।
सभा में उद्धव ठाकरे ने पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि "जो भी गद्दार नेता मिले, उससे जवाब मांगो और उसकी भाषा में ही उसे करारा जवाब दो।"

उन्होंने वाशिम-यवतमाल के सांसद सहित पार्टी छोड़ने वाले सांसदों की आलोचना करते हुए कहा कि कुछ लोग पार्टी छोड़ गए,लेकिन एक भी कट्टर शिवसैनिक उनका साथ छोड़कर नहीं गया। उन्होंने विश्वास जताया कि शिवसैनिकों के दम पर पार्टी पहले से अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। इस अवसर पर जिलाप्रमुख बालाजी वानखेडे,सुधीर कवर,गजानन देशमुख वडजीकर,विश्वनाथ सानप,कैप्टन प्रशांत सुर्वे,सी.के.देशमुख सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं हजारों शिवसैनिक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - नागेश अवचार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.