वाशिम में सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन, संविधान प्रेमियों ने जताया विरोध
वाशिम - दिल्ली के जंतर-मंतर पर पर्यावरणविद, वैज्ञानिक और शिक्षा विशेषज्ञ सोनम वांगचुक के आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में शनिवार शाम 4 बजे महाराष्ट्र के वाशिम स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन में संविधान प्रेमी नागरिकों,विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा समान विचारधारा वाले राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। आयोजकों के अनुसार,कोकरोज जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने कथित नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में मृत छात्रों के परिवारों को न्याय दिलाने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तथा विभिन्न कथित परीक्षा पेपर लीक मामलों से प्रभावित विद्यार्थियों के मुद्दों को लेकर जंतर-मंतर पर आंदोलन शुरू किया था। इस आंदोलन के समर्थन में पर्यावरणविद सोनम वांगचुक भी आमरण अनशन पर बैठे थे।
बताया गया कि दिल्ली पुलिस ने आंदोलन स्थल पर कार्रवाई करते हुए सोनम वांगचुक को हिरासत में लेकर चिकित्सीय जांच के लिए अस्पताल भेज दिया। इस दौरान अभिजीत दिपके तथा कुछ अन्य कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया। इसी कार्रवाई के विरोध में वाशिम के डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक पर कोकरोज जनता पार्टी के महाराष्ट्र प्रवक्ता जगदीश मानवतकर के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने संविधान की मूल भावना की रक्षा, शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार को सुरक्षित रखने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण की मांग की।
इस अवसर पर जगदीश मानवतकर ने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन करना भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त एक मौलिक अधिकार है और लोकतंत्र में नागरिकों को अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखने की पूर्ण स्वतंत्रता मिलनी चाहिए। प्रदर्शन में रवि ठोके, मयूर मानधने, सुधाकर वानखेडे,रामदास कालापाड, एडवोकेट संतोष केसवाणी, सुरेश कुचेकर,पवन सुतार सहित वाशिम जिले के संविधान प्रेमी नागरिक,सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, युवा, विद्यार्थी तथा विभिन्न दलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस विरोध प्रदर्शन का आयोजन कोकरोज जनता पार्टी के महाराष्ट्र प्रवक्ता जगदीश मानवतकर द्वारा किया गया।
रिपोर्टर - नागेश अवचार
No Previous Comments found.