खरीफ फसल प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, किसानों से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील
वाशिम : खाद्यान्न, दलहन और तिलहन फसलों की उत्पादकता बढ़ाने तथा नई तकनीकों का प्रयोग कर बेहतर उत्पादन लेने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खरीफ सीजन 2026-27 की राज्यस्तरीय फसल प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी आरिफ शाह ने जिले के किसानों से ऑनलाइन आवेदन कर प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की है।
कृषि विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में धान, ज्वार, बाजरा, मक्का, रागी, अरहर, मूंग, उड़द, सोयाबीन, मूंगफली और सूरजमुखी सहित कुल 11 फसलों को शामिल किया गया है। प्रतियोगिता तहसील, जिला और राज्य स्तर पर होगी। सामान्य और आदिवासी दोनों वर्गों के किसान इसमें हिस्सा ले सकेंगे।
इस वर्ष से फसल प्रतियोगिता की आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है। एक किसान एक से अधिक फसलों के लिए आवेदन कर सकता है। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए किसान के नाम पर स्वयं की जमीन होना और उसकी खेती किसान द्वारा स्वयं किया जाना आवश्यक है। धान के लिए कम से कम 20 गुंठा, जबकि अन्य फसलों के लिए 40 गुंठा लगातार बुवाई क्षेत्र होना जरूरी है।
आवेदन के साथ फार्मर आईडी, प्रवेश शुल्क की रसीद, बैंक पासबुक के पहले पन्ने की प्रति तथा आदिवासी वर्ग के किसानों को जाति प्रमाणपत्र देना होगा। सामान्य वर्ग के लिए प्रति फसल ₹300 और आदिवासी वर्ग के लिए ₹150 प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है।
मूंग और उड़द के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 31 जुलाई 2026 है। जबकि धान, ज्वार, बाजरा, मक्का, रागी, अरहर, सोयाबीन, मूंगफली और सूरजमुखी के लिए किसान 31 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
प्रतियोगिता में तहसील स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेता को क्रमशः ₹5 हजार, ₹3 हजार और ₹2 हजार, जिला स्तर पर ₹10 हजार, ₹7 हजार और ₹5 हजार, जबकि राज्य स्तर पर ₹50 हजार, ₹40 हजार और ₹30 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा।
किसान महाराष्ट्र कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 'पीक स्पर्धा नोंदणी' विकल्प से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए संबंधित तहसील कृषि अधिकारी कार्यालय से संपर्क करने का आवाहन जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी आरिफ शाह ने किया है।
रिपोर्टर : नागेश अवचार
No Previous Comments found.