सांसद संजय देशमुख और रामराव वडकुते ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष से की मुलाकात; कई नई रेल सेवाओं और परियोजनाओं की रखी मांग
वाशिम : यवतमाल-वाशिम लोकसभा क्षेत्र सहित विदर्भ और मराठवाड़ा में रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने को लेकर सांसद संजय देशमुख और राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते ने नई दिल्ली में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार से मुलाकात की। बैठक में लंबित रेल परियोजनाओं को गति देने, नई रेल सेवाएं शुरू करने तथा मौजूदा ट्रेनों की सुविधाओं में सुधार से संबंधित विभिन्न मांगों का विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया।
सांसद संजय देशमुख ने कहा कि विदर्भ और मराठवाड़ा के कई क्षेत्रों में रेल कनेक्टिविटी अभी भी पर्याप्त नहीं है। औद्योगिक, शैक्षणिक, व्यापारिक और आर्थिक विकास के लिए नई रेल सेवाओं और परियोजनाओं की आवश्यकता है।
बैठक में नांदेड-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस को अकोला मार्ग से चलाकर वाशिम और अकोला में अधिकृत ठहराव देने की मांग की गई। इसके साथ ही नांदेड से छत्रपति संभाजीनगर अथवा मनमाड तक वाशिम-अकोला मार्ग से प्रतिदिन इंटरसिटी एक्सप्रेस शुरू करने तथा जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन क्रमांक 12072/71 का हिंगोली से वाशिम तक विस्तार करने की मांग रखी गई।
वर्धा-नांदेड रेल मार्ग का कार्य तेज गति से पूरा करने, मूर्तिजापुर-दारव्हा (यवतमाल) रेल मार्ग को विशेष परियोजना का दर्जा देकर मंजूरी देने तथा वाशिम-बडनेरा रेल परियोजना को मंजूरी देकर आवश्यक निधि उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। इसके अलावा वाशिम-दिग्रस-माहूर-आदिलाबाद रेल मार्ग को मंजूरी देने का मुद्दा भी उठाया गया।
नांदेड-कुर्ला ट्रेन क्रमांक 17665/66 और 17667/68 शुरू किए जाने पर रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए इन ट्रेनों के समय में यात्रियों की सुविधा के अनुसार बदलाव तथा स्थायी रैक उपलब्ध कराने की मांग की गई।
नागपुर-कोल्हापुर ट्रेन क्रमांक 11403/04 को सप्ताह में दो दिन के बजाय प्रतिदिन चलाने, नांदेड-नागपुर के बीच दैनिक पैसेंजर ट्रेन शुरू करने तथा वाशिम-अकोला मार्ग से नांदेड-पुणे के बीच नई दैनिक रेल सेवा शुरू करने की मांग भी रेलवे बोर्ड के समक्ष रखी गई।
सांसद संजय देशमुख ने कहा कि इन मांगों पर अमल होने से विदर्भ और मराठवाड़ा के लाखों नागरिकों को लाभ मिलेगा। विशेष रूप से विद्यार्थी, किसान, व्यापारी और आम यात्रियों के लिए आवागमन आसान होगा तथा क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
बैठक के दौरान रेलवे बोर्ड अध्यक्ष सतीश कुमार ने प्रस्तुत मांगों पर सकारात्मक दृष्टिकोण से विचार कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
रिपोर्टर : नागेश अवचार
No Previous Comments found.