जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए नागरिक परेशान, करंजा नगर परिषद ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

वाशिम : करंजा नगर परिषद क्षेत्र के नागरिकों को जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र प्राप्त करने में हो रही गंभीर समस्याओं का तत्काल समाधान करने तथा समय पर और सुगम सेवा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर नगराध्यक्ष एवं सभी नगरसेवकों की ओर से वाशिम के जिलाधिकारी एवं जिला दंडाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में बताया गया कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए नागरिकों को नगर परिषद कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ऑनलाइन प्रणाली में तकनीकी खामियां, सर्वर और लिंक का बार-बार बंद होना तथा जन्म-मृत्यु विभाग में केवल एक कंप्यूटर पर काम होने के कारण प्रमाणपत्र समय पर जारी नहीं हो पा रहे हैं। इससे नागरिकों के साथ-साथ विभागीय कर्मचारियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि करंजा शहर की आबादी एक लाख से अधिक है और जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण की संख्या भी काफी अधिक है। जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, स्कूल प्रवेश, जाति प्रमाणपत्र, पासपोर्ट सहित विभिन्न सरकारी एवं कानूनी कार्यों के लिए आवश्यक दस्तावेज है। ऐसे में प्रमाणपत्र समय पर नहीं मिलने से नागरिकों को मानसिक एवं आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
नगर परिषद के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी से जन्म-मृत्यु विभाग के लिए अतिरिक्त कंप्यूटर उपलब्ध कराने, आवश्यक तकनीकी सुविधाएं एवं कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने, ऑनलाइन आवेदनों का उसी दिन अनुमोदन सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को समयबद्ध, सरल एवं पारदर्शी तरीके से प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग की।
जिलाधिकारी ने ज्ञापन पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित मामले की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर उपनगराध्यक्ष एड. फिरोज शेकुवाले, गटनेता मो. बिलाल मो. युसुफ पुंजानी, बांधकाम सभापति हुसैन पप्पूवाले, नियोजन सभापति नदीम अहमद, शिक्षण सभापति जाकीर शेख, एड. सुभान खेतीवाले तथा एड. मिलिंद खंडारे उपस्थित थे।

रिपोर्टर : नागेश अवचार
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.