‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शिरपुर में बैंक मेले का आयोजन
वाशिम : महाराष्ट्र राज्य ग्रामीण जीवनोन्नति अभियान (उमेद) एवं जिला अभियान प्रबंधन कक्ष, वाशिम की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शिरपुर में बैंक मेले का आयोजन किया गया। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में महिला स्वयं सहायता समूहों को बैंक ऋण तथा विभिन्न सरकारी सुविधाओं का लाभ प्रदान किया गया।
इस दौरान 5 महिला स्वयं सहायता समूहों को कुल 12 लाख 50 हजार रुपये का बैंक ऋण वितरित किया गया। इस ऋण के माध्यम से महिलाओं को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार तथा उद्योग-व्यवसाय शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता मिलेगी।
इसके अलावा कृषि क्षेत्र में सक्रिय 20 महिलाओं को ‘महिला किसान प्रमाणपत्र’ प्रदान किए गए। प्रमाणपत्र के माध्यम से महिलाओं के लिए शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं, सेवाओं, अनुदान एवं आर्थिक अवसरों का लाभ प्राप्त करना आसान होगा।
‘उमेद’ अभियान के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने, डिजिटल एवं प्रत्यक्ष बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उद्योग-व्यवसाय के लिए आर्थिक सहायता दिलाने पर जोर दिया जा रहा है। महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाकर ‘लखपति दीदी’ बनाने की दिशा में भी इस पहल से गति मिल रही है।
बैंक मेले में बैंक ऑफ महाराष्ट्र के शाखा प्रबंधक आदर्श, श्रीमती श्रद्धा चक्रे, कृषिमित्र गजानन वानखेडे, शिरपुर प्रभाग की ग्रामसखी तथा बड़ी संख्या में महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्य उपस्थित रहीं।
रिपोर्टर : नागेश अवचार

No Previous Comments found.