अविनाश वानखेड़े ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन; जैव विविधता पर संकट

वाशिम : मालेगांव तहसील के मुंगला स्थित लघु सिंचाई विभाग के तालाब से कथित अवैध जल निकासी तत्काल बंद करने की मांग एकता मत्स्य व्यवसाय सहकारी संस्था के अध्यक्ष अविनाश बलिराम वानखेड़े ने की है। उन्होंने 14 अक्टूबर को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मोटर पंपों की बिजली आपूर्ति काटने और संबंधित उपकरण जब्त करने की मांग की।
ज्ञापन के अनुसार, सूखे और भीषण जल संकट के कारण तालाब में पानी का स्तर काफी घट गया है। यह तालाब नीलगाय, हिरण, अन्य वन्यजीवों तथा आसपास के छह-सात गांवों के पालतू पशुओं के लिए पानी का प्रमुख स्रोत है। ज्ञापन में दावा किया गया है कि तालाब पर 10 से 15 हॉर्स पावर के लगभग 200 मोटर पंपों से पानी निकाला जा रहा है। साथ ही मुंगला, उमरवाड़ी और कोलदरा के पाझर तालाबों से भी अवैध जल निकासी के आरोप लगाए गए हैं।
मछलियों की मौत से बढ़ी चिंता

पानी का स्तर घटने और तापमान बढ़ने से मछली के बीज तथा मछलियों की मौत होने का दावा भी ज्ञापन में किया गया है। जलस्तर और घटने पर जलीय जीवों, पक्षियों तथा वन्यजीवों के अस्तित्व पर संकट गहराने की आशंका जताई गई है।
वानखेड़े ने प्रशासन से अनधिकृत मोटर पंप, डीजल इंजन, केबल, स्टार्टर और पाइप जब्त करने तथा सिंचाई विभाग, महावितरण और मत्स्य व्यवसाय विभाग के माध्यम से संयुक्त कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतियां मुख्यमंत्री, मत्स्य व्यवसाय मंत्री और संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी भेजी गई हैं।

रिपोर्टर - नागेश अवचार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.