वाशिम में सोनम वांगचुक के समर्थन में एकदिवसीय सांकेतिक आमरण अनशन

वाशिम : पर्यावरणविद, शिक्षा सुधारक एवं वैज्ञानिक सोनम वांगचुक के समर्थन में सोमवार को वाशिम जिला कलेक्टर कार्यालय के समक्ष कॉकरोज जनता पार्टी (CJP), विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों तथा संविधान प्रेमी नागरिकों के संयुक्त तत्वावधान में एकदिवसीय सांकेतिक आमरण अनशन आयोजित किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे सोनम वांगचुक के आंदोलन के दौरान उन्हें पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती किए जाने की घटना की निंदा की। वक्ताओं ने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन करना और अपनी बात लोकतांत्रिक तरीके से रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।
कॉकरोज जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन के समर्थन में आयोजित इस अनशन में शिक्षा व्यवस्था में सुधार, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं की निष्पक्ष जांच, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता तथा विद्यार्थियों को न्याय दिलाने की मांग की गई। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी उठाई गई।
आंदोलनकारियों ने जंतर-मंतर पर छात्रों एवं प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए केंद्र सरकार से शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और लंबित मुद्दों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। आंदोलन के बाद विभिन्न मांगों का ज्ञापन जिला कलेक्टर के माध्यम से भारत सरकार को भेजा गया।
इस अवसर पर भीम आर्मी, आम आदमी पार्टी, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे), कांग्रेस, संभाजी ब्रिगेड सहित विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान "भारत माता की जय", "इंकलाब जिंदाबाद" और "सोनम वांगचुक तुम आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं" जैसे नारे लगाए गए।

रिपोर्टर : नागेश अवचार
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.