अमरावती परिक्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट-2026 में वाशिम पुलिस का शानदार प्रदर्शन
वाशिम : यवतमाल में 16 से 18 जुलाई 2026 तक आयोजित 21वीं अमरावती परिक्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट-2026 में वाशिम जिला पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 17 पदक अपने नाम किए। इनमें 6 स्वर्ण, 7 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल हैं। इस उपलब्धि के साथ वाशिम पुलिस ने अमरावती परिक्षेत्र में अपनी दक्षता और पेशेवर क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में वैज्ञानिक जांच, अपराध अन्वेषण, फिंगर प्रिंट, फॉरेंसिक साइंस, पुलिस फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, कंप्यूटर जागरूकता तथा डॉग स्क्वॉड जैसी विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। इन सभी में वाशिम पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
मुख्य विजेताओं में पुलिस निरीक्षक रामेश्वर चव्हाण ने अपराध अन्वेषण एवं कानून विषय में स्वर्ण पदक, सहायक पुलिस निरीक्षक श्रीदेवी पाटील ने फिंगर प्रिंट एवं लेबलिंग-पैकेजिंग में दो स्वर्ण तथा पुलिस क्राइम फोटोग्राफी में रजत पदक जीता। पुलिस हवलदार महेश आकरे ने पुलिस पोर्ट्रेट टेस्ट में स्वर्ण, फॉरेंसिक साइंस में रजत तथा ऑब्जर्वेशन टेस्ट में कांस्य पदक प्राप्त किया। पुलिस कॉन्स्टेबल सुशील बोरकर ने कंप्यूटर ऑब्जेक्टिव टेस्ट में स्वर्ण तथा एमएस ऑफिस में कांस्य पदक जीता, जबकि गोपाल चौधरी ने डॉट नेट/जावा ऑनलाइन स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया।
डॉग स्क्वॉड प्रतियोगिता में विस्फोटक खोजी श्वान "अनिका" ने स्वर्ण, नारकोटिक्स श्वान "रॉय" ने रजत तथा ट्रैकिंग श्वान "बेला" ने कांस्य पदक जीतकर वाशिम पुलिस का गौरव बढ़ाया।
इस शानदार सफलता पर पुलिस अधीक्षक वाशिम निकेश खटमोडे (पाटील), आईपीएस ने सभी पदक विजेता अधिकारियों, कर्मचारियों, श्वान दस्ते तथा प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी वैज्ञानिक जांच, आधुनिक तकनीक और जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने का आह्वान किया।
रिपोर्टर : नागेश अवचार
No Previous Comments found.