खेत में खाद डालते समय गिरी बिजली; एक किसान की मौत, दो गंभीर घायल
वाशिम : जिले के रिसोड तहसील अंतर्गत मांगूळ झनक गांव में रविवार, 27 जुलाई की शाम करीब 5 बजे आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय इलाके में तेज हवा के साथ गरज-चमक और मूसलाधार बारिश हो रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसान खेत में हल्दी की फसल में खाद डालने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए गजानन शेषराव सुरसे (32), रवि रणजीत कोरडे और विशाल लांबाडे खेत में स्थित गोंधणी के पेड़ के नीचे खड़े हो गए।
इसी दौरान पेड़ पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में तीनों आ गए। हादसे में गजानन शेषराव सुरसे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रवि रणजीत कोरडे और विशाल लांबाडे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि बिजली के तेज झटके के कारण उनके हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
माइस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
वहीं, सूचना मिलने के बाद राजस्व और पुलिस प्रशासन ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा एवं आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। युवा किसान की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर गहरा शोक व्यक्त किया जा रहा है।
रिपोर्टर : नागेश अवचार
No Previous Comments found.