वाशिम रिंग रोड के लिए केंद्र से मांगा फंड, सांसद संजय देशमुख ने गडकरी से की मुलाकात
वाशिम : शहर की बढ़ती यातायात समस्या और जाम से नागरिकों को राहत दिलाने के लिए प्रस्तावित रिंग रोड को लेकर सांसद संजय उत्तमराव देशमुख ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से निधि उपलब्ध कराने की मांग की है। 29 जुलाई को हुई मुलाकात के दौरान सांसद देशमुख ने वाशिम रिंग रोड सहित लोकसभा क्षेत्र की विभिन्न सड़क परियोजनाओं पर चर्चा की। सांसद देशमुख ने बताया कि वाशिम शहर के रिंग रोड के लिए वे इससे पहले भी केंद्रीय मंत्री गडकरी से मुलाकात कर निधि की मांग कर चुके हैं। प्रस्तावित रिंग रोड के निर्माण से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होने के साथ यातायात जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खराब सड़कों के लिए CRF से मांगी निधि मुलाकात के दौरान सांसद देशमुख ने यवतमाल-वाशिम लोकसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण तथा खराब स्थिति वाली सड़कों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने इन सड़कों के लिए केंद्रीय सड़क निधि (CRF) से तत्काल राशि उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि सड़कों की बदहाल स्थिति के कारण नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दिग्रस बायपास का DPR तैयार, 120 करोड़ की जरूरत
इस दौरान कई दशकों से लंबित दिग्रस बायपास परियोजना पर भी चर्चा हुई। सांसद देशमुख के अनुसार, लगातार प्रयासों के बाद पहले परियोजना के सर्वेक्षण के लिए निधि मंजूर हुई थी। सर्वेक्षण पूरा होने के बाद अब बायपास का DPR भी तैयार हो चुका है। प्रस्तावित दिग्रस बायपास चार लेन का बीटी मार्ग होगा और इसके निर्माण के लिए करीब 120 करोड़ रुपये की आवश्यकता है। सांसद देशमुख के मुताबिक केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने परियोजना के लिए आवश्यक निधि जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। बायपास बनने से दिग्रस शहर में यातायात का दबाव कम होने और लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्टर : नागेश अवचार
No Previous Comments found.