किसानों को यूरोप और चीन के कृषि अध्ययन दौरे का मौका 20 अगस्त तक करें आवेदन, 2 लाख रुपये तक मिलेगा अनुदान
वाशिम : कृषि उपज की गुणवत्ता एवं उत्पादकता बढ़ाने तथा आधुनिक कृषि तकनीक का उपयोग किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से वर्ष 2026-27 में राज्य प्रायोजित योजना के तहत किसानों के विदेश कृषि अध्ययन दौरे आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए यूरोप और चीन का चयन किया गया है। इच्छुक किसानों को 20 अगस्त 2026 तक संबंधित तालुका कृषि अधिकारी कार्यालय में आवेदन जमा करने का आह्वान कृषि विभाग ने किया है। इस अध्ययन दौरे का उद्देश्य किसानों को विदेशों में विकसित आधुनिक कृषि तकनीक, खेती की नई पद्धतियों और कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों का प्रत्यक्ष अनुभव उपलब्ध कराना है। ये किसान होंगे पात्र आवेदक स्वयं किसान होना चाहिए तथा उसके नाम पर चालू अवधि का 7/12 एवं 8-अ उतारा होना आवश्यक है। खेती आय का मुख्य साधन होने संबंधी स्वघोषणापत्र देना होगा। साथ ही एग्रीस्टैक के अंतर्गत किसान पहचान क्रमांक होना जरूरी है।
एक किसान परिवार से केवल एक व्यक्ति को योजना का लाभ मिलेगा। परिवार में पति, पत्नी तथा 18 वर्ष से कम आयु के बच्चे शामिल होंगे। इसके लिए राशन कार्ड की प्रति आवेदन के साथ लगानी होगी।
अध्ययन दौरे के दिन आवेदक की आयु कम से कम 25 वर्ष होनी चाहिए। अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं है। किसान शारीरिक रूप से स्वस्थ होना अनिवार्य है तथा आवेदन के साथ कम से कम एमबीबीएस डॉक्टर का फिटनेस प्रमाणपत्र देना होगा।
आवेदक के पास वैध पासपोर्ट होना चाहिए तथा आवेदन के समय पासपोर्ट की वैधता कम से कम एक वर्ष होनी आवश्यक है।
सरकारी नौकरी एवं पेशेवरों को पात्रता नहीं
सरकारी, अर्धसरकारी, सहकारी अथवा निजी संस्थाओं में नौकरी करने वाले व्यक्ति इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। इसके अलावा डॉक्टर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट, इंजीनियर, ठेकेदार आदि पेशेवरों को भी योजना का लाभ नहीं मिलेगा। इस संबंध में स्वघोषणापत्र देना होगा।
जिन किसानों ने पूर्व में केंद्र या राज्य सरकार, कृषि विश्वविद्यालय अथवा स्थानीय स्वराज्य संस्था के माध्यम से आर्थिक सहायता लेकर विदेश यात्रा की है, वे भी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।
कुल खर्च का 50 प्रतिशत या 2 लाख तक अनुदान
सरकार की ओर से अध्ययन दौरे के कुल खर्च का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 2 लाख रुपये, इनमें से जो राशि कम होगी, उतना अनुदान दिया जाएगा।
वाशिम जिले के लिए 5 किसानों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें एक महिला किसान, केंद्र या राज्य स्तरीय कृषि पुरस्कार प्राप्त अथवा फसल प्रतियोगिता का विजेता एक किसान तथा अन्य तीन किसानों का समावेश होगा। निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर जिला स्तर पर लॉटरी निकालकर वरिष्ठता क्रम के अनुसार चयन किया जाएगा।
आवेदन के साथ ये दस्तावेज जरूरी
पिछले छह माह का 7/12 उतारा
आधार कार्ड की प्रति
राशन कार्ड की प्रति
एमबीबीएस डॉक्टर का फिटनेस प्रमाणपत्र
वैध पासपोर्ट की प्रति
चयन के बाद किसान को विदेश दौरे के लिए पुनः शारीरिक रूप से स्वस्थ होने का एमबीबीएस डॉक्टर का प्रमाणपत्र देना होगा। कोरोना संबंधी जांच कर उसकी रिपोर्ट कृषि आयुक्तालय को प्रस्तुत करना भी अनिवार्य रहेगा। किसान लगातार 7 से 10 दिनों के विदेश अध्ययन दौरे के लिए शारीरिक रूप से सक्षम है, इसका प्रमाण डॉक्टर को देना होगा।
इच्छुक किसानों को 20 अगस्त 2026 तक संबंधित तालुका कृषि अधिकारी कार्यालय में आवेदन जमा करना होगा। प्राप्त आवेदनों में से जिला स्तरीय समिति के समक्ष लॉटरी द्वारा चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए संबंधित तालुका कृषि अधिकारी कार्यालय से संपर्क करने का आह्वान कृषि विभाग ने किया है।
रिपोर्टर : नागेश अवचार
No Previous Comments found.