2.18 लाख रुपये का मुद्देमाल जब्त, 1800 लीटर मोहफूल का सड़वा बरामद

वाशिम : तहसील के ग्राम सेवादासनगर में अवैध गांवठी शराब बनाने और बेचने के अड्डे पर मानोरा पुलिस ने छापा मारकर 2 लाख 18 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस अधीक्षक वाशिम के निर्देश पर मानोरा पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सेवादासनगर निवासी भीमराव हिरासिंग जाधव अपने घर के गोठे में गांवठी हाथभट्टी शराब बनाकर बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में संबंधित ठिकाने पर छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 प्लास्टिक ड्रमों में कुल 1800 लीटर मोहफूल का सड़वा, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये, तथा 3 टोपलियों में 150 लीटर सड़वा मोहफूल, जिसकी कीमत 15 हजार रुपये, बरामद किया। इसके अलावा एक कैन में 100 लीटर तैयार गांवठी शराब, जिसकी कीमत 10 हजार रुपये, और हाथभट्टी के लिए इस्तेमाल होने वाली सामग्री, जिसकी कीमत 13 हजार रुपये, जब्त की गई।
इस प्रकार पुलिस ने कुल 2 लाख 18 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है। पुलिस के अनुसार अवैध हाथभट्टी शराब से नागरिकों के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेश खाटमोडे-पाटील, अपर पुलिस अधीक्षक लता फड और उपविभागीय पुलिस अधिकारी मनीष ठाकरे के मार्गदर्शन में मानोरा पुलिस निरीक्षक नैना पोहेकर एवं पुलिस टीम ने की। मामले की आगे की जांच पुलिस कांस्टेबल गणेश राठोड कर रहे हैं।

रिपोर्टर : नागेश अवचार
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.