यूपी में थमा मानसून, तीन दिन सताएगी भीषण गर्मी; मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
By-ANJALI SHUKLA
उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री के बाद बारिश की रफ्तार फिलहाल थम गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां कमजोर रहेंगी। इस दौरान मध्य प्रदेश की सीमा से लगे जिलों में ही अच्छी बारिश होने की संभावना है, जबकि अन्य इलाकों में बादलों की आवाजाही के बीच कहीं-कहीं हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 30 जून को प्रदेश में प्रवेश करने वाला मानसून 2 जुलाई तक पूरे उत्तर प्रदेश में फैल गया था। इसके बाद उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओडिशा तट के पास बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से मानसूनी ट्रफ दक्षिण की ओर खिसक गई। इसी वजह से फिलहाल प्रदेश में कोई प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है, जिससे बारिश की तीव्रता कम हो गई है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक सोमवार तक मानसून की सक्रियता कमजोर बनी रह सकती है। दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उससे सटे क्षेत्रों को छोड़कर अधिकांश जिलों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहेंगी। बारिश कम होने से दिन के तापमान और उमस में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार से परिस्थितियों में बदलाव शुरू होगा। मानसून के दोबारा सक्रिय होने के साथ प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की रफ्तार बढ़ने की संभावना है।
शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान फतेहगढ़ में 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा उरई में 38.2 डिग्री, बस्ती में 38 डिग्री और लखनऊ में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
No Previous Comments found.