औरैया में 45 साल के उम्र के अंतर वाली अनोखी प्रेम कहानी चर्चा में, नवरात्र के बाद शादी करने की तैयारी

 कहते हैं कि प्यार की कोई उम्र नहीं होती और जब दो लोग एक-दूसरे का साथ चुन लेते हैं, तो उम्र का फासला भी उनके फैसले को नहीं बदल पाता। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में सामने आई एक अनोखी प्रेम कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां 75 वर्षीय रामसुगर और 30 वर्षीय सोशल मीडिया ब्लॉगर रानी राजपूत ने सगाई कर सबको चौंका दिया है। दोनों की उम्र में करीब 45 साल का अंतर है। सगाई के बाद अब उनकी हल्दी की रस्म का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सोशल मीडिया से शुरू हुई मुलाकात, प्यार तक पहुंची कहानी

जानकारी के मुताबिक, रामसुगर औरैया जिले के सहार विकासखंड के अरियारी गांव के निवासी हैं, जबकि रानी राजपूत औरैया शहर की रहने वाली हैं। दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया पर रील बनाने और वीडियो शूटिंग के सिलसिले में हुई थी।बताया जाता है कि रामसुगर की बेटी राधा इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाती हैं और रानी उनकी सहेली हैं। इसी वजह से रानी का रामसुगर के घर आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान रामसुगर और रानी के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। समय के साथ यह रिश्ता प्यार में बदल गया। हाल ही में दोनों ने परिवार और करीबियों की मौजूदगी में औरैया के एक स्थानीय ब्यूटी पार्लर में सगाई की रस्म निभाई। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाकर साथ जीवन बिताने का फैसला किया।

पत्नी की मौत और रिश्ते में मिले सहारे ने बढ़ाई नजदीकियां

रामसुगर की पत्नी का करीब सात साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद से वह अकेलापन महसूस कर रहे थे। उनके एक बेटे और तीन बेटियों की शादी हो चुकी है और सभी अपनी-अपनी जिंदगी में व्यस्त हैं।वहीं, रानी राजपूत भी अपनी जिंदगी में मुश्किल दौर से गुजर चुकी हैं। रानी पहले से शादीशुदा हैं और उनके दो बच्चे हैं। सोशल मीडिया पर उनके बताए अनुसार, उनके पहले पति उन्हें छोड़कर चले गए थे। ऐसे में रानी को रामसुगर में एक ऐसे साथी का सहारा मिला, जिसके साथ वह अपने जीवन की नई शुरुआत करना चाहती हैं।दोनों के जीवन में रहे अकेलेपन और मुश्किल अनुभवों के बीच बने इस रिश्ते ने अब शादी का रूप लेने की तैयारी कर ली है।

ढोल-नगाड़ों के साथ हुई हल्दी की रस्म, जल्द लेंगे सात फेरे

सगाई के बाद अब रामसुगर और रानी की शादी की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। हाल ही में परिवार और रिश्तेदारों की मौजूदगी में रामसुगर की हल्दी की रस्म धूमधाम से निभाई गई। इस दौरान ढोल-नगाड़ों के बीच जश्न मनाया गया। हल्दी समारोह का वीडियो सामने आने के बाद यह प्रेम कहानी एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गई।बताया जा रहा है कि दोनों नवरात्र के ठीक बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी के बंधन में बंधेंगे। रामसुगर के मुताबिक, परिवार की सहमति से शुभ मुहूर्त में विवाह की रस्में पूरी की जाएंगी। शादी में परिवार के सदस्यों और करीबी रिश्तेदारों को ही आमंत्रित करने की योजना है।

प्रेम कहानी या सोशल मीडिया पब्लिसिटी? उठ रहे सवाल

रामसुगर और रानी की इस अनोखी प्रेम कहानी को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे उम्र और सामाजिक मान्यताओं से परे प्यार की मिसाल मान रहे हैं, तो कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इसे लोकप्रियता हासिल करने और रील वायरल करने का तरीका बता रहे हैं।हालांकि, इन चर्चाओं के बीच दोनों अपने फैसले को लेकर खुश बताए जा रहे हैं और जल्द ही नई जिंदगी शुरू करने की तैयारी में हैं।फिलहाल, इस रिश्ते की सच्चाई और भविष्य को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। लेकिन इस कहानी ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या प्यार के रिश्ते में उम्र मायने रखती है, या फिर दो लोगों का एक-दूसरे को समझना और साथ निभाने का फैसला ही सबसे अहम होता है?

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.