ओमान तट के पास जहाज में आग, सभी भारतीय नाविक सुरक्षित
ओमान के समुद्री क्षेत्र में गुरुवार को एक टैंकर के इंजन रूम में आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जहाज से धुआं उठता देख तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। राहत की बात यह रही कि जहाज पर मौजूद सभी 20 भारतीय चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जानकारी के मुताबिक, आग एमटी जलवीर नामक टैंकर के इंजन कक्ष में लगी थी। घटना ओमान के तट के पास हुई, जिसके बाद स्थानीय समुद्री अधिकारियों और बचाव एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया। आग लगने के कारण जहाज से घना धुआं निकलता देखा गया।
समुद्री जहाजों की ट्रैकिंग करने वाले प्लेटफॉर्म के अनुसार, एमटी जलवीर गिनी-बिसाऊ के झंडे के तहत संचालित होने वाला एक टैंकर है। इसकी लंबाई लगभग 120 मीटर और चौड़ाई करीब 17 मीटर बताई जाती है।
इससे पहले ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी यूकेएमटीओ ने सोहार बंदरगाह के आसपास एक टैंकर में आग लगने की सूचना मिलने की पुष्टि की थी। एजेंसी ने जहाज का नाम सार्वजनिक नहीं किया, लेकिन बताया कि इंजन रूम में आग की घटना की जांच की जा रही है। साथ ही क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। शुरुआती आकलन में किसी तरह के पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।
वहीं, ओमान में भारतीय दूतावास ने बताया कि रॉयल नेवी ऑफ ओमान के सहयोग से जहाज पर मौजूद चालक दल को सुरक्षित निकालकर शिनास बंदरगाह पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। भारतीय अधिकारियों की ओर से भी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
No Previous Comments found.