West Bengal: महुआ मोइत्रा का विरोध, काले झंडे दिखाए गए, अंडे फेंके; TMC और BJP आमने-सामने
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद महुआ मोइत्रा को बुधवार को पश्चिम बंगाल के पलाशी में विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा। वह 21 जुलाई शहीद दिवस कार्यक्रम की तैयारियों के सिलसिले में आयोजित एक बैठक में हिस्सा लेने पहुंची थीं। इसी दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया और कथित तौर पर अंडे फेंके।
घटना के बाद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन केवल पलाशी तक सीमित नहीं था, बल्कि उनके कृष्णानगर स्थित सांसद कार्यालय को भी निशाना बनाया गया। उनका दावा है कि वहां अंडों के साथ सब्जियां भी फेंकी गईं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि भाजपा समर्थकों ने उन पर हमला किया, जबकि मौके पर मौजूद पुलिस और केंद्रीय बल मूकदर्शक बने रहे।
मोइत्रा ने कहा कि वह अपने संसदीय क्षेत्र में हैं और किसी भी दबाव में वहां से हटने वाली नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होगी और प्रशासन घटना को नजरअंदाज कर सकता है।
दूसरी ओर, भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अंडे फेंककर विरोध करना उनकी पार्टी की कार्यशैली का हिस्सा नहीं है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे कृत्य भाजपा की छवि को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
गौरतलब है कि एक दिन पहले, मंगलवार को कलकत्ता हाईकोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार को निर्देश दिया था कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े किसी भी व्यक्ति पर अंडे फेंके जाने जैसी घटनाओं में अनिवार्य रूप से एफआईआर दर्ज की जाए, चाहे मामला राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से जुड़ा हो या किसी अन्य कारण से।
No Previous Comments found.