बंगाल में चला बुलडोजर एक्शन, माफियाओं की अवैध इमारतों पर बड़ी कार्रवाई
पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य में अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। नई सरकार बनने के साथ ही यह साफ कर दिया गया था कि गैर-कानूनी निर्माण और जमीन कब्जे को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब इसी नीति के तहत राज्य के कई इलाकों में बड़े स्तर पर बुलडोजर कार्रवाई देखने को मिल रही है।
कोलकाता के तिलजला, बेलेघाटा, कस्बा, बालीगंज, उल्टोडांगा और बेहाला समेत कई क्षेत्रों में प्रशासन ने अवैध इमारतों पर कार्रवाई की। कई बहुमंजिला निर्माणों को ध्वस्त किया गया, जिन पर गैर-कानूनी तरीके से निर्माण करने के आरोप थे।
रविवार को यह अभियान उस समय और चर्चा में आ गया जब नगर निगम मंत्री अग्निमित्रा पॉल खुद कस्बा इलाके में पहुंचीं और कार्रवाई की निगरानी करती नजर आईं। उन्होंने साफ संकेत दिया कि सरकार अवैध निर्माण के मामलों में किसी तरह की नरमी बरतने के मूड में नहीं है।
प्रशासन की कार्रवाई के दौरान बेलेघाटा में कथित माफिया राजू नस्कर से जुड़े निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया। वहीं तिलजला इलाके में पूर्व मंत्री जावेद खान के बेटे फैयाज खान से जुड़े अवैध निर्माणों को भी निशाना बनाया गया। इसके अलावा बालीगंज में एक बहुमंजिला इमारत पर भी कार्रवाई हुई, जिसे नियमों के खिलाफ बनाया गया बताया जा रहा है।
सरकार का कहना है कि शहर में तेजी से बढ़ रहे अवैध निर्माणों पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, जिन इमारतों में नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी।

No Previous Comments found.