TMC-AJUP के बीच हिंसक झड़प: कारें तोड़ी गईं, पत्थरबाजी और लाठीचार्ज से नाओदा में तनाव
पश्चिम बंगाल में 152 विधानसभा सीटों पर हो रहे पहले चरण के मतदान के बीच मुर्शिदाबाद का नाओदा क्षेत्र एक बार फिर राजनीतिक तनाव का केंद्र बन गया। शिवनगर गांव स्थित एक मतदान केंद्र पर मतदान के दौरान सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के बीच तीखी नोकझोंक और टकराव की स्थिति पैदा हो गई।
एजेयूपी प्रमुख हुमायूं कबीर ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि टीएमसी उनके पार्टी उम्मीदवारों को चुनाव से हटाने के लिए पैसे और दबाव का इस्तेमाल कर रही है। उनके अनुसार, शुरुआत में उनकी पार्टी के 142 उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन अब यह संख्या घटकर 115 रह गई है। कबीर ने दावा किया कि कई उम्मीदवारों को 9 लाख से लेकर 30 लाख रुपये तक की पेशकश कर चुनाव से पीछे हटने के लिए मजबूर किया गया।
वोटिंग के दौरान स्थिति तब और बिगड़ गई जब हुमायूं कबीर शिवनगर के एक बूथ पर पहुंचे। वहां मौजूद टीएमसी समर्थकों ने उनके खिलाफ विरोध जताते हुए नारेबाजी की और उन्हें कथित रूप से भाजपा से जुड़ा एजेंट बताकर वापस जाने को कहा। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई।
गौरतलब है कि हुमायूं कबीर पहले मुर्शिदाबाद की भरतपुर सीट से विधायक रह चुके हैं। पिछले वर्ष दिसंबर में उन्हें टीएमसी से निलंबित कर दिया गया था। यह कार्रवाई उनके एक विवादित बयान के बाद हुई थी, जिसमें उन्होंने बाबरी मस्जिद जैसी संरचना के निर्माण की बात कही थी। इसके बाद उन्होंने नई राजनीतिक पार्टी बनाकर चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया है।

No Previous Comments found.