यूपी में बड़ा धमाका: 2027 में भी योगी ही होंगे चेहरा! बीजेपी का बड़ा ऐलान।

लखनऊ से दिल्ली तक जिस नेतृत्व परिवर्तन की चिंगारी सुलग रही थी, उस पर अब बीजेपी के आलाकमान ने बर्फ की सिल्ली रख दी है। यूपी की सियासत में बाबा का बुलडोजर एक बार फिर पूरी रफ्तार से चलने को तैयार है। आज हम उस बड़े ऐलान की परतें खोलेंगे जिसने अखिलेश यादव के खेमे में हलचल मचा दी है और बीजेपी के भीतर छिपे विरोधियों को खामोश कर दिया है। क्या योगी आदित्यनाथ का चेहरा 2027 में बीजेपी की नैया पार लगाएगा या अखिलेश का PDA दांव बाजी पलट देगा? आइए, इस रिपोर्ट में जानते हैं कि यूपी के रणक्षेत्र में अब आगे क्या होने वाला है!

दरअसल, पिछले कुछ महीनों से दिल्ली के गलियारों और लखनऊ की चाय की दुकानों पर एक ही चर्चा थी कि क्या 2027 में चेहरा बदलेगा? लेकिन अब बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने इस पर विराम लगा दिया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने साफ और कड़क शब्दों में ऐलान कर दिया है कि 2027 का विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। नितिन नवीन ने दो-टूक कहा, "जिस योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को 'उत्तम प्रदेश' बनाया, जिसने गुंडागर्दी खत्म कर एक सशक्त लॉ एंड ऑर्डर स्थापित किया, वही 2027 में नेतृत्व करेगा।" आपको बता दें यह ऐलान इसलिए भी खास है क्योंकि बीजेपी अमूमन चुनाव से इतना पहले चेहरे को लेकर ऐसी स्पष्टता नहीं दिखाती। लेकिन 2024 की लोकसभा हार के बाद उठ रहे सवालों को कुचलने के लिए यह दांव चलना जरूरी था। अब योगी बनाम अन्य की सारी चर्चाएं दफन हो चुकी हैं। वहीं अब सवाल यह है कि योगी का नाम सुनकर अखिलेश यादव मुस्कुरा रहे होंगे या माथे पर शिकन होगी? तो आपको बता दें राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सपा के रणनीतिकार चाहते थे कि योगी ही चेहरा रहें। ऐसा क्यों? क्योंकि इससे अखिलेश को चुनाव को अगड़ा बनाम पिछड़ा बनाने में आसानी होगी।

अखिलेश अब समाजवाद से ज्यादा PDA का नाम जप रहे हैं। उनका मानना है कि अगर सामने योगी जैसा कद्दावर ठाकुर चेहरा होगा, तो वो पूरे ओबीसी समाज को अपने पीछे लामबंद कर सकेंगे। सपा के खेमे में ये चर्चा है कि योगी के चेहरे पर चुनाव लड़ने से बीजेपी के लिए ओबीसी वोट बैंक को रोकना मुश्किल हो सकता है, खासकर तब जब ब्राह्मणों की नाराजगी की खबरें भी हवा में हों। ऐसे में विपक्ष योगी आदित्यनाथ को अजय सिंह बिष्ट कहकर उनकी जाति को उछालने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा। उनका मकसद साफ है कि योगी की पहचान एक हिंदुत्व के संत की जगह सिर्फ एक जाति विशेष के नेता के रूप में की जाए। लेकिन बीजेपी की रणनीति भी कांच की तरह साफ है। 

बीजेपी को पता है कि योगी की असली ताकत उनका भगवाधारी होना, करप्शन फ्री इमेज और जीरो टॉलरेंस की नीति है। बीजेपी इस बार यूपी को एक्सप्रेस-वे प्रदेश के तौर पर पेश कर रही है। महिलाओं की सुरक्षा और अपराधियों के खिलाफ कड़ा स्टैंड योगी की वो खासियत है जिसे काटना अखिलेश के लिए बड़ी चुनौती होगी। वहीं दूसरी तरफ पश्चिमी यूपी में जयंत चौधरी का साथ और पूर्वांचल में जातिगत समीकरणों को साधने के लिए बीजेपी जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन में बड़े बदलाव करने जा रही है। बीजेपी का टारगेट उन दलित और ओबीसी वोटर्स को वापस लाना है जो 2024 में खिसक गए थे।

वहीं नितिन नवीन ने साफ किया कि उत्तर प्रदेश अब अपराध और वसूली के लिए नहीं, बल्कि निवेश और विकास के लिए जाना जाता है। गरीबों के कल्याण से लेकर बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर तक, योगी सरकार के पास उपलब्धियों का लंबा पुलिंदा है। बीजेपी 2027 में 10 साल की सत्ता विरोधी लहर को योगी के पर्सनल ट्रैक रिकॉर्ड और पीएम मोदी के विजन के सहारे काटने की फिराक में है। तो दूसरी तरफ, अखिलेश यादव अपनी पिच बदल रहे हैं। वो सामान्य सीटों पर भी दलित उम्मीदवारों को उतारकर और गैर-यादव ओबीसी चेहरों को अहमियत देकर बीजेपी के कोर वोट बैंक में सेंधमारी कर रहे हैं। अखिलेश को पता है कि वो हिंदुत्व के पिच पर योगी को नहीं हरा सकते, इसलिए वो खेल को पूरी तरह जाति की पिच पर ले जाना चाहते हैं।

कुल मिलाकर यूपी की सियासत अब उस मोड़ पर है जहाँ एक तरफ योगी आदित्यनाथ का लॉ एंड ऑर्डर और हिंदुत्व का सुरक्षा कवच है, तो दूसरी तरफ अखिलेश यादव का PDA वाला जातीय गणित। नेतृत्व पर सस्पेंस खत्म होने के बाद अब गेंद जनता के पाले में है। क्या योगी की साफ-सुथरी छवि 2024 के जख्मों को भर पाएगी? या अखिलेश यादव जातीय गोलबंदी के जरिए लखनऊ की गद्दी पर वापसी करेंगे? 4 मई के नतीजों के बाद की ये आहट बता रही है कि 2027 की जंग बेहद दिलचस्प और कांटे की होने वाली है। यूपी की जनता क्या चुनती है...बाबा का बुल्डोजर या साइकिल की रफ्तार यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन इतना तय है कि बीजेपी ने अपना सबसे बड़ा योद्धा मैदान में उतार दिया है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.