भारत से चीन लौटे शी जिनपिंग, PM मोदी से हुई अहम बैठक

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के बाद रविवार को भारत से चीन के लिए रवाना हो गए। 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित BRICS समिट में शामिल होने के लिए शी जिनपिंग भारत पहुंचे थे। करीब सात साल बाद यह उनकी भारत यात्रा थी।

शनिवार दोपहर शी जिनपिंग एयर चाइना की फ्लाइट से नई दिल्ली पहुंचे थे। उनके साथ एक हाईलेवल प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया था। एयरपोर्ट से कड़ी सुरक्षा के बीच वह आर्मर्ड होंगछी एन701 कार से भारत मंडपम पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

BRICS समिट से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग के बीच करीब 45 मिनट तक द्विपक्षीय बैठक हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-चीन संबंधों को आगे बढ़ाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। संस्थागत संपर्क बढ़ाने, कारोबारी रिश्तों को मजबूत करने, सीधी उड़ानें दोबारा शुरू करने और व्यापार घाटे से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत हुई।

बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत और चीन के रिश्ते आपसी सम्मान, आपसी संवेदनशीलता और आपसी हित के तीन सिद्धांतों पर आधारित होने चाहिए। दोनों नेताओं ने इस बात पर भी जोर दिया कि मतभेदों को विवाद में नहीं बदलना चाहिए और सीमा पर शांति बनाए रखना जरूरी है।

शनिवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से BRICS नेताओं के लिए आयोजित गाला डिनर में कई राष्ट्राध्यक्ष शामिल हुए। हालांकि, व्यस्त कार्यक्रम के चलते शी जिनपिंग डिनर में शामिल नहीं हुए और आराम के लिए होटल लौट गए।

रविवार को BRICS समिट के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओपन सेशन को संबोधित किया। उन्होंने समावेशी वैश्विक विकास, ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूत करने और नई दिल्ली BRICS घोषणा को लागू करने पर जोर दिया। इसके बाद शी जिनपिंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य BRICS नेताओं के साथ फैमिली फोटो में हिस्सा लिया।

समिट से जुड़े कार्यक्रम पूरे करने के बाद शी जिनपिंग अब भारत से चीन के लिए रवाना हो गए हैं। उनकी इस यात्रा के दौरान भारत और चीन के बीच द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने और आपसी संवाद मजबूत करने पर जोर रहा।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.