1 करोड़ बीमा, फ्री इलाज... क्या शिक्षक बनेंगे योगी की ताकत?

आज हम बात करने जा रहे हैं यूपी की राजनीति के उस साइलेंट किंगमेकर की, जिसके हाथ में सिर्फ बच्चों का भविष्य नहीं, बल्कि देश के सबसे बड़े सूबे की सत्ता की चाबी भी होती है! जी हां, हम बात कर रहे हैं यूपी के मास्टर साहब यानी हमारे गुरुजी लोगों की। कहते हैं कि यूपी के ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में अगर किसी की बात को पत्थर की लकीर माना जाता है, तो वो हैं स्कूल के मास्टर साहब। वो सिर्फ क-ख-ग नहीं सिखाते, बल्कि गांव-गांव में सियासी राय बनाने वाले सबसे बड़े पावरफुल लोग हैं। और इसी मास्टर चाबी को अपने पाले में करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चल दिया है अब तक का सबसे बड़ा, सबसे घातक मास्टर स्ट्रोक! जी हां पिछले तीन महीनों में योगी सरकार ने तिजोरी का मुंह ऐसा खोला है कि शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों पर सौगातों की अंधाधुंध बारिश हो गई है! 1 करोड़ के बीमे से लेकर मानदेय डबल करने तक...ऐसा चक्रव्यूह रचा गया है कि विपक्ष के होश उड़ गए हैं। आइए आपको समझाते हैं यूपी के इस सबसे बड़े शिक्षक वोट-बैंक का पूरा गणित!

कहते हैं यूपी में चुनाव जीतना है तो गणित को समझना होगा। यूपी में प्राइमरी, सेकंडरी और हायर एजुकेशन को मिलाकर सरकारी, सहायता प्राप्त और प्राइवेट स्कूलों का इतना बड़ा नेटवर्क है कि इसे आप वोटों की खान कह सकते हैं। अकेले बेसिक शिक्षा परिषद में ही 5 से 6 लाख नियमित शिक्षक दिन-रात ड्यूटी कर रहे हैं और इनके साथ करीब 1.5 लाख शिक्षामित्र और लगभग 25,000 अंशकालिक अनुदेशक खड़े हैं। माध्यमिक विद्यालयों के 2 से 2.5 लाख शिक्षकों और स्टाफ को भी जोड़ लें, और फिर इन सबके परिवारों और रिटायर्ड गुरुजी लोगों को मिला दें...तो यह सीधा आंकड़ा 30 लाख से 40 लाख वोटों के पार चला जाता है! अब आप ही सोचिए, गांव का वोटर जब कन्फ्यूज होता है, तो वो सीधे मास्टर साहब के पास जाकर पूछता है कि 'गुरुजी, हवा किधर की है?' चुनाव की ड्यूटी से लेकर वोटर लिस्ट बनाने तक का सारा जिम्मा इन्हीं के कंधों पर होता है। यही वजह है कि योगी आदित्यनाथ जानते हैं कि गुरुजी रूठे, तो सत्ता छूटी! इसलिए पिछले तीन महीनों यानी मई से जुलाई 2026 के बीच सरकार ने एक के बाद एक कई बंपर धमाके किए हैं। आपको बता दें इसी जुलाई 2026 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी से एक ऐसी योजना की शुरुआत की, जिसने शिक्षकों का दिल जीत लिया। जी हां प्रदेश के करीब 12 से 15 लाख शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और स्कूलों में खाना बनाने वाले रसोइयों को हर साल 5 लाख तक के मुफ्त कैशलेस इलाज की गारंटी दे दी गई है। यानी बीमारी कैसी भी हो, आपकी जेब से एक रुपए भी खर्च नहीं होंगे और पूरा का पूरा प्रीमियम योगी सरकार अपनी जेब से भरेगी!

वहीं शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा को लेकर सरकार ने सीधे देश के सबसे बड़े बैंक यानी भारतीय स्टेट बैंक से हाथ मिला लिया है। अब अगर ड्यूटी पर या कहीं भी किसी नियमित शिक्षक के साथ कोई अनहोनी या दुर्घटना होती है, तो उनके परिवार को पूरे 1 करोड़ का पर्सनल एक्सीडेंटल इंश्योरेंस कवर मिलेगा। वहीं, संविदा पर काम करने वाले अनुदेशकों और शिक्षामित्रों के परिवारों को भी 30 लाख से लेकर 80 लाख तक का सुरक्षा कवच दिया गया है। दरअसल, फरवरी 2026 में सुप्रीम कोर्ट ने अनुदेशकों के कम पैसे मिलने पर नाराजगी जताई थी। बस, फिर क्या था! योगी सरकार ने मई 2026 में वो फैसला लिया जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। कम समय वाले अनुदेशकों का मासिक मानदेय 9,000 से सीधे बढ़ाकर 17,000 महीना कर दिया गया! और खास बात ये है कि इसे 1 अप्रैल 2026 से ही लागू कर दिया गया है! दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कक्षा आठ तक पढ़ाने वाले सभी शिक्षकों के लिए TET यानि शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करना अनिवार्य हो गया था, जिससे पुराने शिक्षकों की धड़कनें बढ़ी हुई थीं। वे सोच रहे थे कि इस उम्र में नए-नवेले लड़कों के साथ कैसे कंपटीशन करेंगे? लेकिन जुलाई 2026 की शुरुआत में सीएम योगी ने अधिकारियों को कड़क निर्देश दिए कि इन-सर्विस शिक्षकों के लिए एक अलग, विशेष पात्रता परीक्षा कराई जाए, ताकि उन्हें युवाओं के साथ सीधी और कठिन रेस में न दौड़ना पड़े। इतना ही नहीं, जुलाई 2026 की UPTET परीक्षा के लिए इन शिक्षकों को बकायदा स्पेशल छुट्टी भी दी गई! आपको बता दें शहरी इलाकों के स्कूलों में जो मास्टर साहब लोगों की कमी चल रही थी, उसे दूर करने के लिए सरकार ने 10,000 से ज्यादा नए पदों पर भर्ती का पूरा खाका तैयार कर लिया है। नए-नवेले बने 'उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग' को इसका फरमान भी भेज दिया गया है, यानी बहुत जल्द बेरोजगारों के लिए भी पिटारा खुलने वाला है। लेकिन कहानी में सिर्फ शहनाइयां नहीं बज रही हैं, सिक्के का दूसरा पहलू भी है जो बेहद पेचीदा है। जी हां सौगातों की इस बरसात के बीच कुछ ऐसे पुराने और संवेदनशील मुद्दे हैं, जिनसे सरकार आज भी जूझ रही है। 

OPS यानि पुरानी पेंशन योजना

यूपी के शिक्षक संगठनों की सबसे बड़ी, सबसे पुरानी मांग है कि 'हमें पुरानी पेंशन वापस चाहिए!' सरकार का साफ कहना है कि इससे खजाने पर भारी वित्तीय बोझ पड़ेगा और बजट का दिवाला निकल जाएगा। लेकिन जैसे ही चुनाव की सुगबुगाहट होती है, विपक्ष इस मुद्दे में घी डालकर आग सुलगाने की पूरी कोशिश में जुट जाता है।

शिक्षामित्रों का अधूरा दर्द

साल 2017 में जब सुप्रीम कोर्ट ने 1.37 लाख शिक्षामित्रों का सहायक शिक्षक के पद पर समायोजन रद्द किया था, तब से यह मामला नासूर बना हुआ है। शिक्षामित्र आज भी 'समान कार्य-समान वेतन' और पक्की नौकरी की मांग को लेकर अड़े हुए हैं। भले ही सरकार ने मानदेय सुधारा है, लेकिन उनका असंतोष कभी भी आंदोलन की शक्ल ले लेता है।

डिजिटल हाजिरी पर महा-संग्राम

दरअसल, जून-जुलाई 2026 में लागू की गई नई ट्रांसफर पॉलिसी और स्कूलों में ऑनलाइन/डिजिटल हाजिरी अनिवार्य करने के फैसले पर पूरे राज्य के शिक्षकों ने बगावत का बिगुल फूंक दिया था। शिक्षकों का सीधा तर्क है कि गांव के दुर्गम रास्तों और टावर गायब होने वाले इंटरनेट के भरोसे अगर डिजिटल अटेंडेंस लगाएंगे, तो पढ़ाएंगे कब और हाजिरी कब भरेंगे?

तो कुल मिलाकर कहानी ये है कि योगी सरकार ने मुफ्त इलाज, करोड़ों का दुर्घटना बीमा और मानदेय बढ़ाकर शिक्षकों के एक बहुत बड़े वर्ग के जख्मों पर मरहम लगाने का काम तो कर दिया है। इन-सर्विस शिक्षकों को अलग से परीक्षा देने की छूट देकर सरकार ने उनकी सहानुभूति भी बटोर ली है। लेकिन बड़ा सवाल ये है कि क्या सरकार का ये मरहम पुरानी पेंशन और शिक्षामित्रों के नियमितीकरण जैसी उस पुरानी टीस को शांत कर पाएगा, जो सालों से सुलग रही है? क्या 40 लाख वोटों का ये विशालकाय मास्टर वोट-बैंक इस बार पूरी तरह से सत्ता पक्ष के पाले में गोलबंद हो जाएगा? या फिर विपक्ष पुरानी पेंशन का दांव खेलकर सरकार के इस मास्टर स्ट्रोक को मटियामेट कर देगा? यूपी की राजनीति का यह वो इम्तिहान है, जिसका रिजल्ट आने वाले समय में सूबे की पूरी सियासी तस्वीर को बदलकर रख देगा। 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.