CM योगी का सपा सरकार पर हमला, बोले- 2017 से पहले माफिया चलाते थे समानांतर सरकार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पूर्व की समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। लोक भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के हर जिले में माफिया का बोलबाला था और माफिया समानांतर सरकार चलाते थे।
सीएम योगी ने कहा कि उस समय सरकार माफिया के सामने झुकती थी, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस ‘आपकी सुरक्षा हमारा संकल्प’ की थीम पर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंद कमरे में बैठकर किसी के बारे में टिप्पणी करना आसान है। कोई व्यक्ति कितना भी बड़ा हो और उसे अपने पद का कितना भी गुरूर क्यों न हो, लेकिन सुरक्षा हटने के बाद अराजकता के माहौल में उसे भीगी बिल्ली बनने में देर नहीं लगेगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 26 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक प्रदान किए। इसके साथ ही पुलिस के 87 इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व डीजीपी प्रकाश सिंह की पुस्तक ‘संघर्ष’ का भी विमोचन किया गया। सीएम योगी ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश सरकार ने पुलिस सुधारों को आगे बढ़ाया और प्रकाश सिंह द्वारा लंबे समय से की जा रही पुलिस सुधारों की मांग को उत्तर प्रदेश ने देश में सबसे पहले लागू किया। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश पुलिस के सामने विचार, वीरता और तकनीक का समन्वय दिखाई देता है।
सीएम योगी ने कहा कि स्वस्थ चिंतन के लिए समाज में सुरक्षा का वातावरण जरूरी है। उन्होंने तराई क्षेत्र में आतंकवाद के दौर का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय पुलिस और सेना की सुरक्षा के बीच ही आवागमन संभव था। उन्होंने कहा कि तत्कालीन डीजीपी के तौर पर प्रकाश सिंह ने इन चुनौतियों का सामना किया था। मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा को भी प्रदेश के सामने बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि कोविड काल के करीब ढाई-तीन वर्षों में प्रदेश में लगभग 24 हजार लोगों की मौत हुई थी, जबकि सड़क दुर्घटनाओं में हर वर्ष करीब 23 से 24 हजार लोगों की जान चली जाती है।
पद्मश्री और पूर्व पुलिस महानिदेशक प्रकाश सिंह ने कहा कि उन्होंने ‘संघर्ष’ को आत्मकथा के रूप में नहीं लिखा है। उनके मुताबिक, पुस्तक में सेवाकाल के कुछ अविस्मरणीय अनुभवों और उनसे मिलने वाली सीख को शामिल किया गया है, ताकि इन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सके। कार्यक्रम में स्वामी धर्मबंधु ने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए राजनीति, अर्थव्यवस्था और सुरक्षा के साथ आध्यात्मिकता भी जरूरी है। वहीं डीजीपी राजीव कृष्ण ने सड़क सुरक्षा और पुलिस आधुनिकीकरण को सुरक्षित यातायात के लिए महत्वपूर्ण बताया।

No Previous Comments found.